न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : मुम्बई/ महाराष्ट्र :
बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह ने रविवार को अपने मुंबई स्थित घर में आत्महत्या कर ली थी। एक्टर की आत्महत्या की खबर के बाद हर कोई स्तब्ध है। उन्हें सोशल मीडिया के ज़रिए श्रद्धांजलि दी गयीं। 34 साल के सुशांत के इस तरह जाना काफ़ी दर्दनाक है। उन्हें बॉलीवुड के एक क्षमतावान सितारे के रूप में देखा जाता था, जिनसे काफ़ी उम्मीदें थीं। लगभग सात साल के फ़िल्मी करियर में सुशांत ने अपनी अदाकारी से काबिलियत का लोहा मनवाया था। इंजीनियरिंग के छात्र रहे सुशांत ने टीवी से मनोरंजन जगत में करियर शुरू किया था और फ़िल्मों तक का सफ़र कामायाबी से पूरा किया। काय पो चे, एमएस धोनी- द अनटोल्ड स्टोरी और छिछोरे जैसी फ़िल्में सुशांत की उम्दा अदाकारी की मिसाल हैं।
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का अंतिम संस्कार सोमवार को उपनगरीय विले पार्ले स्थित पवन हंस शमशान घाट में किया जा रहा है। उनका पार्थिव शरीर पंच तत्व में विलीन हो गया। अंतिम विदाई के लिए उनके पिता केके सिंह , बहनें, कृति सेनन, विवेक ओबेरॉय, श्रद्धा कपूर, रणदीप हुड्डा, वरुण शर्मा मौजूद थे। अंतिम संस्कार में सुशांत के पिता ने मुखाग्नि दी। शाम चार बजे पवन हंस शवदाह गृह में सुशांत सिंह राजपूत का अंतिम संस्कार हुआ। सुशांत की खास दोस्त रिया चक्रवर्ती ऐक्टर को आखिरी बार देखने मुंबई के कूपर अस्पताल पहुंचीं। बता दें कि प्रशासन की ओर से सिर्फ 20 लोगों को श्मशान घाट में जाने की इजाजत थी।
सुशांत के अंतिम संस्कार का अपडेट
– सुशांत सिंह राजपूत अपनी कर्मभूमि मुंबई में ही पंचतत्व में विलीन हो गए हैं। विर्ले पार्ले के पवन हंस श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस वक्त के परिवार वाले, पिता और कुछ करीबी दोस्त मौजूद रहे।
-सुशांत के परिवार वाले अब विर्ले पार्ले के पवन हंस श्मशान घाट पहुंच गए हैं। यहीं, उनका अंतिम संस्कार किया जाना है। परिवार वालों के साथ सुशांत के कुछ करीबी दोस्त भी मौजूद हैं। सुशांत की आत्महत्या के बाद से चर्चा में आई दोस्त रिया चक्रवर्ती भी इस वक्त वहीं मौजूद हैं।
– सुशांत के पार्थिव शरीर को विर्ले पार्ले के पवन हंस श्मशान घाट पहुंचाया गया है। यहीं शाम 4 बजे उनका अंतिम संस्कार होगा।
– सुशांत के अंतिम दर्शन के लिए बॉलीवुड सेलेब्स लगातार आ रहे हैं। श्रद्धा कपूर के अलावा अभिषेक कपूर, मुकेश छाबरा और छिछोरे में उनके को एक्टर रहे वरुण शर्मा भी उन्होंने आखिरी विदाई देने पहुंचे हैं।
-मुकेश भट्ट का एक बयान सामने आया है। उन्होंने एक टीवी चैनल्स से बात करते हुए कहा है कि मुझे पहले ही महसूस हो गया था कि सुशांत इस ओर जा रहा है। वह मेरे पास आशिकी 2 और सड़क 2 के लिए आया था, लेकिन मामला फिट नहीं बैठा।
– मुंबई में इस वक्त मौसम भी ख़राब हो रहा है। आसमान में बादल छाए हुए हैं और बारिश की आशंका जताई जा रही है। वहीं, इस बीच सुशांत के करीबी दोस्त मुकेश छाबरा और श्रद्धा कपूर अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे गए हैं।
– रिपोर्ट के मुताबिक, सुशांत सिंह राजपूत का अंतिस संस्कार मुंबई के विर्ले पार्ले में किया जाएगा। उनका परिवार कुछ समय पहले ही मुंबई पहुंचा है। इसके अलावा हॉस्पिटल में उनके अंतिम दर्शन के लिए बॉलीवुड सेलेब्स पहुंच रहे हैं। कृति सोनन और रिया चक्रवर्ती को हॉस्पिटल के बाहर स्पॉट किया गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में क्या आया?
डेप्युटी कमिश्नर ऑफ पुलिस अभिषेक त्रिमुखे ने बताया कि डॉक्टर्स की ओर से बांद्रा पुलिस स्टेशन में तत्कालिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट सौंप दी है। तीन डॉक्टर्स की टीम ने सुशांत सिंह राजपूत का पोस्टमार्टम किया था। रिपोर्ट में मौत का कारण फांसी लगाने के बाद दम घुटना बताया गया है। वहीं, एक्टर के मामा आरसी सिंह का कहना है कि हमें नहीं लगता कि सुशांत सिंह राजपूत ने आत्महत्या की है और उसका मर्डर किया गया है। साथ ही उन्होंने मांग की है कि पुलिस को इस मामले में जांच करनी चाहिए।