
न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : मोतिहारी/ बिहार :
भाजपा के नवमनोनीत राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री व सांसद राधामोहन सिंह ने सोमवार को दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बिहार भाजपा के संगठन एवं आसन्न विधानसभा चुनाव के संबंध में विस्तृत चर्चा की।
बताया जाता है कि पिछली बार हुए लोकसभा चुनाव की तरह इस बार के विधानसभा चुनाव की भी रणनीति बनाने पर दोनों नेताओं ने विचार विमर्श किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उनके पास राज्य की एक-एक विधानसभा सीट का पूर्ण विवरण मौजूद है। श्री सिंह ने भी उन्हें राज्य में बन बिगड़ रहे ताजा राजनीतिक समीकरणों से अवगत कराते हुए एक-एक सीट के बारे में अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराई।
उन्होंने बताया कि कोरोना काल व बाढ़ के दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए सेवा कार्य से जनता अभिभूत है और उनका स्वाभाविक झुकाव एनडीए की ओर है।
यहां बता दें कि राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष नडडा से उनकी पहली मुलाकात है। इसके पूर्व पटना आगमन पर भी वे उनसे मिले थे। गौरतलब हो कि जेपी नडडा को राष्ट्रीय अध्यक्ष के रुप में निर्वाचन का पत्र भी उस समय राष्ट्रीय चुनाव प्रभारी होने के नाते राधामोहन सिंह ने ही उन्हें सौंपा था।
                        