
न्यूज़ टुडे टीम ब्रेकिंग अपडेट : पटना/ बिहार :
बिहार विधानसभा चुनाव में बेहद रोमांचक मुकाबले में मुख्यमंत्री और जदयू प्रमुख नीतीश कुमार के नेतृत्व वाले राजग ने 125 सीटों पर जीत कर बहुमत का जादुई आंकड़ा हासिल कर लिया है। अब सीएम नीतीश कुमार के कल ही कैबिनेट की बैठक बुलाने की चर्चा है। यह 16वीं विधानसभा के तौर पर अंतिम कैबिनेट की बैठक होगी। जिसमें मंत्रिमंडल को भंग किया जाएगा। इसकी सूचना राजभवन को दे दी जाएगी। इस दौरान एनडीए विधायक दल की बैठक आयोजित की जाएगी। जिसमें सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को नेता चुना जाएगा। यह फैसला कल लिया जाएगा कि एनडीए की बैठक किस दिन की जाएगी।
इस बीच हार का सामना करने वाले महागठबंधन ने अब तक सरकार बनाने की उम्मीद नहीं छोड़ी है। इसी के मद्देनजर गुरुवार को राजद, लेफ्ट और कांग्रेस नेताओं की गुरुवार को बैठक होगी। माना जा रहा है कि इसमें सभी बड़े नेताओं के बीच एनडीए के छोटे साथियों को रिझाने की कोशिशों पर चर्चा होगी, क्योंकि अगर एनडीए से मुकेश सहनी की वीआईपी (4 सीट) और जीतनराम मांझी की हम (4 सीट) टूटती है, तो एनडीए (125 सीट) अल्पमत में आ जाएगी, जबकि राजद (110) के पर ही इनके व अन्य मिलाकर सरकार बना लेगी।
गौरतलब है कि इस बार चुनाव में हुए बड़े उलटफेर में नीतीश सरकार के मंत्री कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा, सुरेश शर्मा, शैलेश कुमार, फिरोज अहमद, ब्रजकिशोर बिंद और जयकुमार सिंह सहित 10 मंत्रियों को हार का सामना करना पड़ा। नीतीश सरकार में समाज कल्याण मंत्री रामसेवक सिंह हथुआ से चुनाव हार गए। राजद उम्मीदवार राजेश कुमार ने रामसेवक को करीब 30 हजार मतों के अंतर से पराजित किया। जदयू नेता और बिहार सरकार में शिक्षा मंत्री कृष्ण नंदन वर्मा को राजद उम्मीदवार सुदय यादव ने हराया है। इसके अलावा दिनारा सीट से राज्य के सहकारिता मंत्री जय कुमार सिंह मुजफ्फरपुर विधानसभा सीट से नीतीश सरकार में नगर विकास मंत्री सुरेश कुमार शर्मा भी चुनाव हार गए।
इधर बिहार सरकार में परिवहन मंत्री संतोष कुमार निराला को राजपुर सुरक्षित सीट से कांग्रेस के विश्वनाथ राम ने करीब 20 हजार वोटों के अंतर से हराया। वहीं, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री फिरोज अहमद को सिकटा सीट पर भाकपा-माले के बृजेंद्र प्रसाद गुप्ता ने करीब 13 हजार मतों के अंतर से पराजित किया। राज्य सरकार में मंत्री एवं जदयू प्रत्याशी शैलेश कुमार को जमालपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस के डॉ. अजय कुमार सिंह ने करीब चार हजार मतों से पराजित किया। राज्य के मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार ब्रजकिशोर बिंद को चैनपुर सीट पराजय का सामना करना पड़ा। मंत्री लक्ष्मेश्वर राय और रमेश रिषीदेव को सिंहेश्वर विधानसभा सीट पर राजद के चंद्रहास चौपाल ने पराजित किया।