
न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : पटना/ बिहार :
बिहार विधानसभा चुनाव 2020 भी बॉलीवुड का तड़का लगे बिना नहीं रहा। अलग-अलग पार्टियों के लिए बॉलीवुड कलाकारों ने प्रचार किया। अभिनेत्री नेहा शर्मा ने फिर से अपने पिता अजीत शर्मा के लिए प्रचार किया। इस चुनाव में सक्रिय कई नेता या तो अभिनेता के बच्चे हैं या उनके बच्चे बॉलीवुड में हैं। यह बात अलग है कि वे बॉलीवुड में अभी अपने पैर मजबूत नहीं कर सके हैं। अजीत शर्मा की बेटियां बॉलीवुड में हैं, वहीं शत्रुघ्न सिन्हा (हालांकि वह अभिनेता से नेता बन चुके हैं) के बेटे लव सिन्हा भी चुनाव मैदान में हैं।
नेहा शर्मा बिहार में भागलपुर के कांग्रेस नेता अजीत शर्मा की बेटी हैं। अजीत शर्मा कांग्रेस के टिकट पर विधानसभा पहुंचे थे। राजनीति में माहिर अजीत शर्मा की बेटी नेहा शर्मा का बॉलीवुड करियर अब तक फ्लॉप ही रहा है।
आयशा शर्मा भी एक्ट्रेस हैं। वह नेहा शर्मा की छोटी बहन और अजीत शर्मा की बेटी हैं। आयशा भी बॉलीवुड में कुछ खास मुकाम नहीं बना पाई हैं।
लव सिन्हा शत्रुघ्न सिन्हा की बेटे हैं। शत्रुघ्न सिन्हा बिहार के पटना साहिब से कई बार सांसद रहे हैं। वह केंद्र में मंत्री भी रह चुके हैं। राजनीति के धुरंधर खिलाड़ी बन चुके शत्रुघ्न सिन्हा की बेटे लव का बॉलीवुड करियर फ्लॉप ही रहा। बॉलीवुड में फ्लॉप होने के बाद लव सिन्हा राजनीति के मैदान में कूद पड़े हैं। लव सिन्हा बांकीपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े हैं।
चिराग पासवान आज बिहार की राजनीति का चर्चित नाम हैं। उनके पिता और लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान सालों तक केंद्र में मंत्री रहे। चिराग राजनीति में आने से पहले बॉलीवुड में किस्मत आजमा चुके हैं। हालांकि पहली ही फिल्म बुरी तरह से फ्लॉप होने के बाद उन्होंने एक्टिंग छोड़ दी और पॉलिटिक्स जॉइन कर ली।