
न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : मोतिहारी/ बिहार :
आज मोतिहारी शहर के लुंबिनी भवन में स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की भव्य प्रतिमा को माल्यार्पण करते हुए सांसद, चेयरमैन – रेलवे स्थाई समिति सह पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने माल्यार्पण किया।
इस अवसर पर श्री सिंह ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय सन 1953 से 1968 तक भारतीय जनसंघ के नेता रहे। एक गम्भीर दार्शनिक एवं गहन चिंतक होने के साथ-साथ वह एक ऐसे समर्पित संगठनकर्ता और नेता थे जिन्होंने सार्वजनिक जीवन में व्यक्तिगत शुचिता एवं गरिमा के उच्चतम मानदंड स्थापित किये। भारतीय जनता पार्टी की स्थापना के समय से ही वह इसके वैचारिक मार्गदर्शक और नैतिक प्रेरणा-स्रोत रहे हैं।
श्री सिंह ने कहा कि उनका राजनीतिक दर्शन मानव मात्र की आवश्यकताओं के अनुरूप और हमारे प्राकृतिक आवास के अनुकूल राजनीतिक कार्यप्रणाली एवं शासकीय कौशल का मार्ग प्रशस्त करने वाला एक चहुंमुखी वैकल्पिक जीवन दर्शन है। ”अनेकता में एकता और विभिन्न रूपों में एकता की अभिव्यक्ति भारतीय संस्कृती की सोच रही है।
उन्होंने कहा कि दीनदयाल जी में संगठन का अद्वितीय और अद्भुत कौशल था। समय बीतने के साथ भारतीय जनसंघ की विकास यात्रा में वह ऐतिहासिक दिन भी आया जब सन 1968 में विनम्रता की मूर्ति इस महान नेता को दल के अध्यक्ष के पद पर प्रतिष्ठित किया गया। अपने उत्तरदायित्व के निर्वहन और जनसंघ के देशभक्ति का सन्देश लेकर दीनदयाल जी ने दक्षिण भारत का भ्रमण किया।
श्री सिंह ने कहा कि 11 फरवरी, 1968 का दिन देश के राजनीतिक इतिहास में एक बेहद दु:खद और काला दिन है। इसी दिन अचानक पंडित दीनदयाल जी की आकस्मिक मृत्यु हुई। वे मुगलसराय रेलवे स्टेशन (वर्तमान में पंडित दीनदयाल उपाध्याय रेलवे स्टेशन) के निकट चलती रेलगाड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में उनकी मौत हो गयी। देशवासी आज भी उस दुर्घटना से आहत हैं।
मौके पर बिहार के कला संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार,दिल्ली भाजपा के सह संगठन मंत्री पवन शर्मा, जिलाध्यक्ष प्रकाश अस्थाना, महामंत्री द्वय डॉ०लालबाबू प्रसाद एवं मार्तण्ड नारायण सिंह, जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा मोहिब्बुल हक, जिला मीडिया प्रभारी गुलरेज शहजाद, नगर अध्यक्ष उत्तरी मंडल योगेन्द्र प्रसाद, नगर अध्यक्ष दक्षिणी मंडल रविभूषण श्रीवास्तव सहित अन्य लोग उपस्थित थे।