
न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : मोतिहारी/ बिहार :
पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री सह सांसद राधा मोहन सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 70वें जन्मदिन के अवसर पर राजेन्द्र नगर भवन में 70 दिव्यांगजनों के बीच उपकरण का वितरण किया।
उक्त अवसर पर श्री सिंह ने कहा कि हमारे यहां विशेष योग्यताओं से लैस कई उल्लेखनीय दिव्यांग पुरुष और महिलाएं हैं। जिन्होंने अनेक क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। यदि उनको उचित वातावरण और अवसर दिया जाए तो वे राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। दिव्यांगों के समक्ष एक बड़ी चुनौती उनके प्रति समाज का रवैया है। लोग अक्सर ”सहानुभूति” और ”दया” के पात्र के रूप में देखते हैं। इससे उनके आत्मसम्मान में कमी आती है। उन्हें ”समवेदना” और ”संबल” दिए जाने की आवश्यकता है। यह वही सम्मान की भावना है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए नए नाम को रेखांकित करती है, जब उन्होंने ”विकलांग” शब्द की जगह ”दिव्यांग” नाम दिया।
सरकार ने दिव्यांगों के सामने आने वाली चुनौतियों को व्यवस्थित रूप से दूर करने के लिए कई पहल की है। सरकार ने 2016 में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम में संशोधन किया। इसने हमारे दिव्यांग भाइयों और बहनों के कल्याण के लिए एक बहुत ही प्रगतिशील ”अधिकार-आधारित” ढांचा तैयार किया है। सरकारी नौकरियों में दिव्यांगों के लिए आरक्षण का कोटा 3 फीसद से बढ़ाकर 4 फीसद और उच्च शिक्षा संस्थानों में 3 से बढ़ाकर 5 फीसद कर दिया गया है। सरकार देश के सभी दिव्यांगों के लिए एक राष्ट्रीय डेटाबेस बनाने के लिए एक विशिष्ट पहचान परियोजना को भी लागू करने की कार्रवाई भी कर रही है, ताकि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सरकारी योजनाओं के लाभ मिल सकें।
हाल ही में सरकार ने दिव्यांग खेल केंद्र स्थापित करने की पहल की है। दिव्यांगों के बीच खेल को बढ़ावा देना एक स्वागत योग्य कदम है और इससे निश्चित रूप से दिव्यांगों के बीच समावेश और आत्मविश्वास की भावना पैदा होगी।
उक्त अवसर पर बिहार सरकार के मंत्री प्रमोद कुमार, पूर्व मुख्य पार्षद प्रकाश अस्थाना, उप मुख्य पार्षद रविभूषण श्रीवास्तव, सामाजिक सुरक्षा के सहायक निदेशक धीरज कुमार, डॉ. लालबाबू प्रसाद, पूर्व उप मुख्य पार्षद सह पार्षद मोहिब्बुल हक, नगर पार्षद गुलरेज शहजाद, नगर पार्षद मदन सिंह, राकेश गुप्ता, संजय सिंह, शंकरानंद कश्यप, प्रयाग सहनी, ओमप्रकाश सिंह, अब्दुल कलाम आदि सहित अन्य लोग उपस्थित थे।