
न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : पटना/ बिहार :
करोड़ों रुपए खर्च के बाद भी चिराग तले अंधेरा देखने को मिल रहा है बिहार में। बिहार में अनलॉक-3 जारी है। इस दौरान समारोह और कार्यक्रमों को आयोजित करने की मनाही है, वहीं बिहार BJP ने आज फिर भी प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक की। इस बैठक में 50 से ज्यादा नेताओं को बुलाया गया था। मंच पर नेता तो मौजूद थे ही, मंच के नीचे भी नेता बैठे थे। हालांकि, एक बात पर ध्यान दिया गया था, सभी ने आपस में दूरी बनाए रखी थी। इस कार्यकारिणी की बैठक को दो भाग में किया गया था। कुछ राष्ट्रीय नेता दिल्ली से मौजूद थे, तो कुछ पटना से।
BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा दिल्ली में केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, नित्यानंद राय, अश्विनी चौबे के साथ मौजूद थे। वहीं, पटना से प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल के साथ उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद, रेणु देवी, सांसद सुशील मोदी, बिहार सरकार के कई मंत्री और प्रदेश के पदाधिकारी मौजूद थे। पहले संजय जायसवाल ने अध्यक्षीय भाषण दिया, उसके पास राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने बिहार के नेताओं को संबोधित किया।
जेपी नड्डा बोले- देश में वैक्सीन की कोई कमी नहीं
BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अपने भाषण में सीधे विपक्ष को घेरा। कहा कांग्रेस और RJD नेता वैक्सीन के बारे में क्या-क्या नहीं कहते थे। लोगों में भ्रम फैलाने की पूरी कोशिश की। अब देश में वैक्सीन की कोई कमी नहीं है।
नड्डा ने पार्टी के नेताओं को कहा- हर सप्ताह में दो दिन सभी नेता वैक्सीन सेंटर विजिट करें और लोगों को टीका लेने के लिए प्रेरित करें। हर PDS दुकान पर कार्यकर्ताओं को लगाकर ग़रीबों को राशन दिलवाएं, कोई गरीब बिना राशन के ना रहे।
संजय जायसवाल ने कहा- रोजगार पर हो रहा काम
जेपी नड्डा से पहले प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा, ‘जब हम वापस सरकार में लौटे तब से आज तक कई उपलब्धियां हासिल की है। “आत्मनिर्भर बिहार के सात निश्चय” की कार्य योजना बनी और लगभग सभी प्रमुख क्षेत्रों में बिहार नए प्रतिमान गढ़ने को तैयार है। हमने शिक्षा के लिए जीडीपी का 6% हिस्सा आवंटित किया है, जिसका प्रभाव शिक्षा क्षेत्र में नयी बहालियों, विद्यालयों के नवीनीकरण तथा प्रोत्साहन योजनाओं में दिखना शुरू हो गया है’।
जायसवाल ने कहा- रोजगार इस चुनाव का सबसे महत्वपूर्ण एजेंडा था। सरकारी नौकरियां तो हम उपलब्ध करा ही रहे हैं, आप सभी ने उसे देखा और महसूस भी किया होगा। विगत 2 महीने में ही बीपीएससी, दारोगा, शिक्षा की बहालियां देखी हैं।