न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : किसान सम्मेलन एवं किसान-कृषि वैज्ञानिक वार्तालाप कार्यक्रम का आयोजन, प्रगतिशील किसान सम्मानित

न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : पीपराकोठी- मोतिहारी/ बिहार :

गणतंत्र दिवस के अवसर महात्मा गांधी समेकित कृषि अनुसंधान संस्थान, पीपराकोठी में सांसद राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भाजपा सह प्रदेश प्रभारी उत्तर प्रदेश राधामोहन सिंह ने ध्वजारोहण किया। तत्पश्चात संस्थान के कर्पूरी ठाकुर सभागार में एक किसान सम्मेलन एवं किसान-कृषि वैज्ञानिक वार्तालाप कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

उक्त अवसर पर श्री सिंह ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि देश की आजादी की बुनियाद इसी मोतिहारी की धरती पर रखी गई।गांधी जी ने इसी धरती पर किसानों की समस्याओं को सुना और उसके निदान के लिए सत्याग्रह का शंखनाद किया। आज के दिन बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसानों को सम्मानित करते हुए मुझे काफी हर्ष हो रहा है।

उन्होंने कहा कि किसान और कृषि के विकास के लिए विज्ञान की भूमिका महत्वपूर्ण है। केंद्र सरकार की गाँव और किसानों के सशक्तिकरण के लिए लाई गई योजनाओं के कारण आज देश के किसान विज्ञान के साथ सरोकार स्थापित करके समृद्धि के नए अध्ययनों की रचना कर रहे हैं।गांधी जी का सपना था कि किसान नयी तकनीक से जुड़ कर कृषि के साथ खुद का विकास करें।प्रधानमंत्री के कुशल मार्गदर्शन में भारतीय कृषि जगत में क्रांतिकारी बदलाव हुआ है,जिसका सर्वाधिक लाभ हमारे क्षेत्र के किसान भाइयों और बहनों को मिल रहा है।

श्री सिंह ने कहा कि बिना आत्मनिर्भर परिवार के आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना पूरी नहीं हो सकती।केंद्र सरकार किसान परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संकल्पित है।

उक्त अवसर पर मोतिहारी विधायक सह पूर्व कला, संस्कृति मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा कि एक ओर गांधी जी ने चंपारण के किसानों को कष्टों से छुटकारा दिलाने के लिए भगीरथ कार्य किया। वहीं दूसरी तरफ हमारे सांसद राधा मोहन सिंह ने चंपारण के किसानों के लिए पीपराकोठी में किसानों के लिए तीर्थ स्थल को साकार रूप प्रदान किया है।उन्होंने कहा कि श्री सिंह चम्पारण के दूसरे गांधी हैं।चंपारण की जनता सदैव उनका ऋणी रहेगी।

उक्त अवसर पर संस्थान के प्रबंध समिति के सदस्य प्रकाश अस्थाना, जिला मत्स्य पदाधिकारी, आत्मा मोतिहारी के निदेशक रणविजय कुमार सिंह, संस्थान के प्रभारी निदेशक अनुराग रायजादा,निदेशक लीची अनुसंधान केंद्र, मुजफ्फरपुर डॉ०विशाल नाथ, अध्यक्ष केवीके, परसौनी अभिषेक प्रताप सिंह, प्रधान वैज्ञानिक आसीएआर, पटना डॉ० मो० मनौवरुल्लाह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *