न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : राजनीति का संतुलन साधते नीतीश ने दिए संकेत, ललन सिंह को मिल सकती है JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कमान, उपेंद्र कुशवाहा बन सकते हैं प्रदेश अध्यक्ष

न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : पटना/ बिहार :

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक व्यक्ति, एक पद के नियम के कारण जनता दल यूनाइटेड (JDU) में बदलाव के संकेत मिलने लगे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष रामचंद्र प्रसाद (RCP) सिंह के केंद्र में मंत्री बनने के बाद इसकी सुगबुगाहट तेज हो गई है। राजनीतिक चर्चाओं की मानें तो मुंगेर से सांसद ललन सिंह और संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा में से कोई एक अध्यक्ष बनेगा। भास्कर को मिली जानकारी के अनुसार, राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के ज्यादा आसार हैं। उपेंद्र कुशवाहा को प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी जा सकती है।

बताया जा रहा है कि नीतीश कुमार राजनीतिक-सामाजिक-जातिगत समीकरण को बैलेंस करने के साथ-साथ पार्टी के सर्वोच्च पद पर अपने विश्वस्त को ही बैठाना चाहते हैं। यही कारण है कि ललन सिंह रेस में सबसे आगे हाे गए हैं।

पिछले दिनों हुए मंत्रिमंडल विस्तार में RCP सिंह के मंत्री बन जाने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर संशय की स्थिति थी। इस स्थिति से निकालने के लिए और सामाजिक समीकरण को दुरुस्त करने के लिए ललन सिंह विकल्प के तौर पर उभरे हैं। उनके पास प्रदेश अध्यक्ष होने का भी अनुभव है। वह नीतीश कुमार के विश्वास पात्रों में से एक हैं। जल्द राष्ट्रीय अध्यक्ष RCP सिंह पटना आएंगे, उसके बाद संगठन की बैठक करके राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष की घोषणा कर दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *