Close

न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : राजद को फिर लगा एक जोरदार झटका, जगदानंद सिंह के करीबी नेता ने दिया पार्टी से इस्तीफा

न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : पटना/ बिहार :

बिहार विधानसभा चुनाव से पहले लालू यादव की पार्टी राष्ट्रीय जनता दल को एक और बड़ा झटका लगा है। पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक विजेन्द्र यादव ने शनिवार को पद और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है।

उन्होंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष को इस्तीफा भेजने के बाद राजद से तीस साल पुराना नाता तोड़ने का ऐलान किया। उन्होंने पार्टी पर कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगाया है। विजेंद्र यादव राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के करीबी नेताओं में से रहे हैं। कहा जा रहा है कि आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट देने का ठोस आश्वासन नहीं मिलने पर विजेंद्र यादव ने पार्टी और पद से इस्तीफा दिया है।

विजेंद्र यादव पटना- भोजपुर के चर्चित दुष्कर्म कांड में फरार चल रहे संदेश के राजद विधायक अरुण यादव के बड़े भाई हैं। अरुण यादव के दुष्कर्म कांड में फंसने व फरारी के बाद वे खुद के लिए टिकट चाहते थे, पर इसका आश्वासन नहीं मिल रहा था।

मालूम हो कि भोजपुर के विधान पार्षद राधाचरण साह और रणविजय सिंह भी तीन अन्य पार्षदों के साथ हाल में ही राजद छोड़ जदयू में शामिल हो गए थे। विजेंद्र यादव पिछले करीब तीन दशक से राजद में थे। पिछले लोकसभा चुनाव में आरा लोकसभा क्षेत्र में राजद व भाकपा माले के संयोजक बनाये गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Leave a comment
scroll to top