न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : मोतिहारी में कुख्यात संतोष झा हत्याकांड में शामिल शातिर शकील लोडेड पिस्टल के साथ गिरफ्तार

न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : मोतिहारी/ बिहार :

कुख्यात संतोष झा हत्याकांड में शामिल शातिर बदमाश आर्यन उर्फ शकील को मोतिहारी पुलिस ने लोडेड पिस्टल के साथ मंगलवार रात को गिरफ्तार कर लिया है। उसपर सीतामढ़ी, बेतिया व मोतिहारी के विभिन्न थाने में हत्या, रंगदारी व आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज हैं। संतोष झा हत्याकांड में पकड़े जाने के बाद से उसे मुजफ्फरपुर रिमांड में रखा गया था, जहां से पिछले माह वह फरार हो गया था।

एसपी नवीन चन्द्र झा ने बताया कि चकिया थाना के शीतलपुर हनुमानगंज निवासी आर्यन राज उर्फ शकील अख्तर को मेहसी थाना के समरपुर एयरटेल टॉवर के पास से लोडेड पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया गया है। वह सीतामढ़ी कोर्ट परिसर में 28 अगस्त, 2018 को हुई कुख्यात संतोष झा हत्याकांड में शामिल था। इस मामले में उसे सीतामढ़ी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। बाद में जुबेनाइल घोषित होने के बाद उसे मुजफ्फरपुर रिमांड होम भेजा गया था, जहां से वह पिछले माह फरार हो गया था। उसपर बेतिया के एक हार्डवेयर व्यवसायी पर फायरिंग कर रंगदारी मांगने का भी केस दर्ज है। मोतिहारी में उसपर चकिया व मेहसी थाने में आर्म्स एक्ट का मामला दर्ज है। इसके अलावा अन्य केस भी उसपर दर्ज है जिसकी पड़ताल चल रही है।

पुलिस की पूछताछ में उसने चकिया के एक कपड़ा व्यवसायी को गोली मारने की योजना बनाने की बात स्वीकार की है। छापेमारी टीम में मेहसी थानाध्यक्ष अवनीश कुमार, तकनीकी शाखा के प्रभारी मनीष कुमार, सिपाही कुमार चिरंजीवी, मुन्ना कुमार व नित्यानंद दुबे आदि शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *