न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : अचानक बदला मौसम, बिहार में बारिश शुरू, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, जारी रहेगा शीतलहर

न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : पटना/ बिहार :

★बिहार का मौसम अचानक से बदल सा गया है, गुरूवार सुबह से राजधानी पटना सहित पूरे बिहार में हल्की बारिश होने के कारण ठंड में इजाफा देखा जा रहा है★

पूरा बिहार घने कोहरे की चपेट में है। अगले दो दिनों तक काेहरे की चादर बिछी रहेगी। खास कर दिन के 10 बजे तक कोहरा ज्यादा घना होगा। इससे दृश्यता भी प्रभावित होगी। कोहरे के चलते विमानों व ट्रेनों का परिचालन भी प्रभावित हो रहा है।

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना ने कोहरे से संबंधित अलर्ट भी जारी किया है। इधर, दो दिनों में दिन के तापमान में 6.8 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है, जिससे राजधानी में ठंड बढ़ गई है। वैज्ञानिक सुधांशु कुमार का कहना है कि अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच का अंतर लगातार घटता जा रहा है, जिससे ठंड में बढ़ोतरी हो रही है। बुधवार को पटना के अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच मात्र 5.4 डिग्री सेल्सियस का अंतर रह गया।

सामान्य से साढ़े 5 डिग्री कम हुआ पटना का तापमान

पटना का अधिकतम तापमान बुधवार को सामान्य से साढ़े पांच डिग्री सेल्सियस कम हो गया। पटना का अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, वहीं न्यूनतम तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गया का अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बड़े शहरों में सबसे कम अधिकतम तापमान भागलपुर में 19.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 6.3 डिग्री सेल्सियस कम है।

गया और पटना में सुबह नौ बजे तक 100 मीटर ही रही दृश्यता

घने कोहरे का सबसे ज्यादा असर गया और पटना में देखा गया। सुबह नौ बजे तक दोनों जगहों पर दृश्यता 100 मीटर तक पहुंच गई। शाम तीन बजे पटना में दृश्यता 1100 मीटर और गया में दृश्यता 1600 मीटर मापी गई। इससे विमान काफी विलंब से परिचालित हुए। मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि हवा में आद्रता अधिक है और इसकी गति भी कम है, जिससे प्रदूषण का स्तर बढ़ा है। अगले दो दिनों तक अभी इसमें खास बदलाव की संभावना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *