न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : मोतिहारी/ बिहार :
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार देश और बिहार की जरूरत हैं। आज देश की नब्बे फीसदी आबादी मोदी के साथ है। हमारे पड़ोसी भी जान गए हैं कि यह भारत अब नेहरू के समय का नहीं, मोदी वाला है। उक्त बातें भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री व सांसद राधामोहन सिंह ने बुधवार को चकिया गांधी मैदान में आयोजित नामांकन सभा को संबोधित करते हुए कहीं। वें यहां पिपरा एवं कल्याणपुर विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी क्रमश: श्यामबाबू प्रसाद यादव व सचिंद्र प्रसाद सिंह के नामांकन समारोह में भाग लेने पहुंचे थे।
इस दौरान उनके साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सह सांसद संजय जायसवाल भी मौजूद थे। पूर्व केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि चाहे कोरोना काल में सभी के खाते में एक-एक हजार रुपये देने की बात हो या किसानों के खाते में साल में छह हजार देना हो, मोदी सरकार हर घड़ी जरूरतमंदों के साथ खड़ी रही। महिलाओं के लिए जहां तीन तलाक पर कानून बना वहीं उज्ज्वला योजना से घर-घर रसोई गैस भी पहुंची। देश के लाखों परिवारों को पांच किलो चावल तथा एक किलो दाल आनेवाले छठ पर्व तक लगातार दी जा रही है।
इस मौके पर अपने संबोधन में प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने कहा कि हम नीतीश के नेतृत्व में चुनाव लड़ रहे हैं और वहीं हमारे सर्वमान्य नेता हैं। उन्होंने तेजस्वी यादव पर तंज सकते हुए कहा कि जो अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पिता की तस्वीर लगाने में शर्म महसूस करता हो वह जनता के साथ क्या करेगा यह सब जानते हैं।
कार्यक्रम का संचालन हरजीत सिंह ने किया। मौके पर राज्य के मंत्री प्रमोद कुमार, जिलाध्यक्ष प्रकाश अस्थाना, वीआइपी की महिला प्रदेश अध्यक्ष निर्मला सहनी, राजेंद्र गुप्ता, रामजी शर्मा, अरुण गुप्ता, मनोज सहनी, रोहित सिंह सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।
