न्यूज़ टुडे एक्सक्लूसिव : इंसानियत शर्मसार, मुर्दों के कफन में भी घोटाला, एक ही खाते में भेजे गए सैकड़ों गरीबों के पैसे

न्यूज़ टुडे एक्सक्लूसिव : मोतिहारी 

आशीष राज, स्थानीय संपादक (बिहार), न्यूज़ टुडे मीडिया समूह 

*बिहार के मोतिहारी में कफन की चोरी का संवेदनशील मामला सामने आया है, भ्रष्टाचार में लिप्त विभागीय लोग नहीं छोड़ रहे मुर्दों के पैसे जिसमें कई अमीरों के नाम शामिल है.*

बिहार के मोतिहारी में भ्रष्ट सिस्टम का ऐसा चेहरा सामने आया है, जिसने इंसानियत को भी शर्मसार कर दिया है. गरीबों के अंतिम संस्कार के लिए मिलने वाली सहायता राशि में भी गबन का खेल चल रहा है. समाज कल्याण विभाग द्वारा गरीब तबके के लोगों की मृत्यु पर ‘कबीर अंत्येष्टि अनुदान योजना’ के तहत तीन-तीन हजार रुपये दिए जाते हैं, ताकि परिजन कफन खरीदकर सम्मानपूर्वक दाह संस्कार कर सकें. लेकिन मोतिहारी में इसी योजना के पैसे का दुरुपयोग कर भ्रष्टाचारियों ने संवेदनशीलता की सारी हदें पार कर दी हैं.

[metaslider id=”14718″]

यह मामला कल्याणपुर प्रखंड के दरमाहा गांव का है, जहां लंबे समय से लाभार्थियों की राशि में गबन होने की बात सामने आई है. आरोप है कि योजना के तहत मिलने वाली राशि को सही लाभार्थियों तक पहुंचाने के बजाय एक ही बैंक खाते में बार-बार ट्रांसफर किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि राजपुर स्थित स्टेट बैंक के एक खाते, जिसके अंतिम अंक 430 हैं, में सैकड़ों लाभुकों का पैसा भेजा गया है.

हैरानी की बात यह है कि समाज कल्याण विभाग के सुविधा पोर्टल पर उपलब्ध पेमेंट रिपोर्ट में सभी जानकारी स्पष्ट रूप से दर्ज है. इसमें लाभार्थियों के नाम, उनके पिता या पति का नाम, खाता संख्या, IFSC कोड, भुगतान की अवधि, UTR नंबर और राशि तक का पूरा विवरण मौजूद है. इसके बावजूद, एक ही खाता संख्या पर बार-बार भुगतान होना गंभीर सवाल खड़े करता है.

[metaslider id=”15292″]

अब सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि जब सारी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध है, तो प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक के अधिकारियों की नजर इस गड़बड़ी पर क्यों नहीं पड़ी. जबकि विभाग के स्पष्ट निर्देश हैं कि राशि सीधे लाभार्थी के खाते में भेजी जाए या उनके नाम से चेक दिया जाए. इस मामले पर मोतिहारी के डीडीसी ने कहा है कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *