न्यूज़ टुडे ब्रेकिंग अपडेट : मोतिहारी पुलिस ने किया सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, पांच युवतियां मुक्त

न्यूज़ टुडे ब्रेकिंग अपडेट :

आशीष राज, स्थानीय संपादक :

मोतिहारी (पूर्वी चंपारण) से बड़ी खबर है, जहां पुलिस टीम को भारी सफलता हाथ लगी है. शहर के छतौनी थाने की पुलिस ने एक सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है. गुप्त सूचना के आधार पर छतौनी थाने की पुलिस ने एक निजी मकान में चल रहे सेक्स रैकेट का खुलासा किया. इस दौरान पुलिस ने देह व्यापार के लिए लायी गई पांच युवतियों को उक्त मकान से मुक्त कराया. मौके से पुलिस ने मकान मालिक और उसकी पत्नी को दबोच लिया.

मकान मालिक और उसकी पत्नी गिरफ्तार

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मकान मालिक और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया. डीएसपी सुश्री मधु कुमारी ने मीडिया को बताया कि छतौनी थाना क्षेत्र के छोटा बरियारपुर स्थित एक मकान में सेक्स रैकेट चलने की गुप्त सूचना मिली थी. जिसके आधार पर छतौनी पुलिस ने महिला थाना के साथ मिलकर छापेमारी की. जहां से पांच महिलाओं को मुक्त कराते हुए देह व्यापार के धंधे का संचालन करने वाले पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है. गिरफ्तार मकान मालिक एवं उसकी पत्नी से पुलिस गहन पूछताछ कर रही है.

जिले के एसपी को मिली थी सेक्स रैकेट चलाए जाने की गुप्त सूचना

जिले के एसपी कान्तेश कुमार मिश्रा को गुप्त सूचना मिली थी कि मोतिहारी स्थित छतौनी थाना क्षेत्र के छोटा बरियारपुर के एक मकान में देह व्यापार का धंधा चलता है. इसकी सूचना मिलते एसपी ने एएसपी राज और परीक्ष्यमान डीएसपी सुश्री मधु कुमारी के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर छापेमारी का निर्देश दिया. पुलिस टीम ने जब उक्त मकान पर छापेमारी की तो उस समय पांच युवतियां मौके से मिली.सभी पांचों युवतियों को पुलिस ने मुक्त कराया. वहीं कुछ अन्य लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *