न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : बागी गुट द्वारा को LJP का अध्‍यक्ष चुने जाने के बाद मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने जाएंगे पशुपति कुमार पारस , सुप्रीम कोर्ट जाने की तैयारी में चिराग पासवान

न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : पटना/ बिहार :

★पटना में एलजेपी के बागी धड़े ने आज पशुपति पारस को पार्टी का राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष निर्वाचित होने का एलान कर दिया। इसके बाद वे देर शाम मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने जा सकते हैं। चिराग पासवान इस मामले में सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की तैयारी में हैं।★

लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) में विरासत की जंग और तेज हो गई है। पार्टी के बागी गुट ने राष्‍ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक करने के बाद पशुपति पारस को नया राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष चुने जाने का एलान कर दिया है। पटना में चुनाव प्रभारी सूरजभान के आवास पर चुनाव में अकेला प्रत्‍याशी होने के कारण पारस का निर्विरोध अध्‍यक्ष निर्वाचित होना तय था। अब पारस गुट चुनाव आयोग के समक्ष असली एलजेपी होने का दावा करेगा। अध्‍यक्ष के चुनाव के बाद पशुपति पारस और समर्थक सांसद मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने भी जा सकते हैं। इस बीच चिराग पासवान दिल्‍ली में सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकते हैं। साथ ही चिराग की ओर से और बागियों को भी बर्खास्‍त करने की तैयारी चल रही है। पारस को संसदीय दल का नेता बनाने का विरोध करते हुए चिराग पासवान पहले ही लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिख चुके हैं।

सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटा स‍कते हैं चिराग

इस बीच दिल्‍ली से बड़ी खबर यह है कि वहां चिराग पासवान कानून विशेषज्ञों से सलाह ले रहे हैं। सूत्रों के अनुसार वे पार्टी पर अपने दावे को लेकर तथा बागियों के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटा सकते हैं। साथ ही खुद को पार्टी का अध्‍यक्ष बताते हुए कुछ और बागियों को बर्खास्‍त भी कर सकते हैं।

चिराग ने लिखा लोकसभा अध्‍यक्ष को पत्र

इसके पहले चिराग पासवान ने पशुपति कुमार पारस को एलजेपी संसदीय दल का नेता मनोनीत करने पर विरोध जताते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा है कि यह नियम के खिलाफ है। पार्टी के संविधान के अनुच्छेद-26 के मुताबिक, केंद्रीय संसदीय बोर्ड ही यह तय करने के लिए अधिकृत है कि लोकसभा में पार्टी का नेता कौन होगा। चिराग ने लोकसभा अध्यक्ष से अपने फैसले पर पुनर्विचार करने की अपील की है और कहा है कि वे लोकसभा में एलजेपी के नेता के तौर पर उन्हें मान्यता देने से संबंधित सर्कुलर जारी करें। मंगलवार को चिराग ने ओम बिरला को चिट्ठी लिखकर पांच सांसदों को बर्खास्त करने के पार्टी के फैसले के बारे में सूचित किया था। अब चिराग को लोकसभा अध्यक्ष के जवाब का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *