न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : राष्ट्रीय महिला आयोग के निर्देश पर मुंशी सिंह महाविद्यालय में आंतरिक समिति के गठन की प्रक्रिया शुरू

न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : मोतिहारी/ बिहार :

स्थानीय मुंशी सिंह महाविद्यालय में राष्ट्रीय महिला आयोग के निर्देश पर आंतरिक समिति के गठन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए बी.आर. ए.बिहार विश्वविद्यालय के सिनेट हॉल में विगत शनिवार को एक सभा आहूत की गई जिसमें एम. एस.कॉलेज के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रो.(डा.)एकबाल हुसैन ने महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया और इस हेतु प्रशिक्षण भी प्राप्त किया।

राष्ट्रीय महिला आयोग की माननीय सदस्य श्री चंद्रमुखी देवी ने वहां विभिन्न कॉलेजों से आए हुए प्रतिनिधियों को आंतरिक समिति के गठन सहित इसके कार्यान्वयन का विधिवत प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर वहां विश्वविद्यालय के कुलसचिव और छात्र कल्याण अधिष्ठाता की उपस्थिति रही।

विदित हो कि कॉलेज स्तर पर गठित आंतरिक समिति की अध्यक्ष अनिवार्य रूप से किसी महिला को ही बनाना होगा। इसमें दो महिलाएं सदस्य होंगी। दो पुरुष शिक्षक भी इस समिति के सदस्य होंगे।साथ ही स्वैक्षिक संस्था से भी एक सदस्य को समिति में रखना होगा। इस समिति द्वारा कार्यस्थली पर महिला कर्मियों द्वारा की गई शिकायतों की गंभीर जांच और सजा देने का प्रावधान होगा।

प्राचार्य प्रो.(डॉ.)अरुण कुमार ने कहा कि एक दो दिनों में विधिवत समिति का गठन कर लिया जाएगा और उसकी सूचना राष्ट्रीय महिला आयोग, विश्वविद्यालय और मीडिया जगत को दे दी जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि परिसर में छात्राओं और महिला कर्मियों के अधिकारों की हर हाल में रक्षा सुनिश्चित की जाएगी और समिति द्वारा समय समय पर बैठक कर महिला उत्पीड़न को सख्ती के साथ रोकने का कार्य त्वरित कार्रवाई द्वारा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *