न्यूज़ टुडे एक्सक्लूसिव : बिहार की सबसे ताकतवर कुर्सी से चंचल कुमार की विदाई, मुख्य सचिव से रिटायरमेंट के बाद दीपक कुमार का एडजस्टमेंट, सीएम के प्रधान सचिव बनाये गये

न्यूज़ टुडे एक्सक्लूसिव :

डा. राजेश अस्थाना, एडिटर इन चीफ, न्यूज़ टुडे मीडिया समूह :

बिहार की सबसे ताकतवर कुर्सी से क्या चंचल कुमार की विदाई हो गयी है ? मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव के पद पर नयी नियुक्ति हो गयी है. आज मुख्य सचिव पद से रिटायर हो रहे दीपक कुमार को सीएम का प्रधान सचिव बना दिया गया है. नीतीश चाहते थे कि दीपक कुमार को एक्सटेंशन मिले लेकिन केंद्र सरकार ने मंजूरी नहीं दी. लिहाजा राज्य सरकार ने अपने अधिकार का प्रयोग करते हुए रिटायरमेंट के बाद दीपक कुमार को सीएम हाउस में एडजस्ट कर दिया है.

दरअसल 1984 बैच के आईएएस दीपक कुमार को दो दफे सेवा विस्तार मिल चुका है. वे पिछले साल ही रिटायर होने वाले थे. लेकिन राज्य सरकार के आग्रह पर केंद्र सरकार ने दो दफे उन्हें सेवा विस्तार दिया था. जानकारों के मुताबिक एक दफे फिर से नीतीश चाहते थे कि दीपक कुमार को सेवा विस्तार मिले. लेकिन केंद्र ने मना कर दिया.

ऐसे में राज्य सरकार ने रास्ता निकाला. राबड़ी देवी के मुख्यमंत्री रहते ही राज्य सरकार ने राज्यादेश निकाला था कि रिटायर आईएएस अधिकारी को भी मुख्यमंत्री का प्रधान सचिव बनाया जा सकता है. नीतीश कुमार ने उसी राज्यादेश का सहारा लिया और दीपक कुमार को 1 मार्च से मुख्यमंत्री का प्रधान सचिव बना दिया है. उन्हें अनिश्चितकाल के लिए इस पद पर नियुक्त किया गया है.

वैसे सरकार ने उनकी सेवा शर्तों को अभी तक तय नहीं किया है. उसके लिए अलग से आदेश निकाला जायेगा. दिलचस्प बात ये भी है कि अब तक आईएएस अधिकारियों की पोस्टिंग का आदेश सामान्य प्रशासन विभाग निकालता रहा है. लेकिन इस दफे कैबिनेट विभाग ने दीपक कुमार की नियुक्ति का आदेश निकाला है.

अब सवाल ये उठ रहा है कि चंचल कुमार का क्या होगा. बिहार के सबसे ताकतवर नौकरशाह माने जाने वाले चंचल कुमार फिलहाल सीएम के प्रधान सचिव हैं. क्या उनकी विदाई हो गयी है या फिर नीतीश कुमार दो प्रधान सचिव के साथ काम करेंगे. राज्य सरकार ने चंचल कुमार को लेकर कोई आदेश नहीं निर्गत किया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *