न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : अब घर बैठे मिलेगा लर्निंग लाइसेंस, बिहार में बदला नियम, बार बार DTO ऑफिस जाने का झंझट खत्म

न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : पटना/ बिहार :

लर्निंग लाइसेंस टेस्ट के बाद सर्टिफिकेट प्रिंट के लिए आवेदकों को अब जिला परिवहन कार्यालय में बैठकर देर तक इंतजार नहीं करना होगा. लर्निंग लाइसेंस टेस्ट देने के बाद चाहें तो घर से या कहीं से भी ऑनलाइन लर्निंग लाइसेंस सर्टिफिकेट का प्रिंट निकाल सकते हैं. परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि यह सुविधा पटना समेत सभी जिला परिवहन कार्यालयों में शुरु हो चुकी है.

परिवहन सचिव ने बताया कि लर्निंग लाइसेंस प्राप्त करने के लिए आवेदकों को जिला परिवहन कार्यालय में सिर्फ एक बार टेस्ट देने के लिए आना होगा. इसके बाद आवेदक खुद भी अपनी सुविधानुसार ऑनलाइन लर्निंग लाइसेंस सर्टिफिकेट का प्रिंट निकाल सकते हैं. पहले लर्निंग लाइसेंस टेस्ट देने के बाद आवेदकों को प्रिंट लेने के लिए इंतजार करना पड़ता था और सर्टिफिकेट अप्रूव तथा प्रिंट होने के बाद ही उन्हें प्राप्त होता था. अब इस प्रक्रिया को समाप्त करते हुए नयी प्रक्रिया लागू की गई है, जिसमें लर्निंग लाइसेंस टेस्ट में पास होने पर तत्काल डिजिटल अप्रूव हो जाएगा तथा मोबाइल पर लाइसेंस नंबर का मैसेज प्राप्त हो जाएगा.

लर्निंग लाइसेंस सर्टिफिकेट का प्रिंट लेने के लिए आवेदकों को ऑनलाइन एप्लिकेशन नंबर तथा डेट ऑफ बर्थ डालना होगा, जिसके बाद मोबाइल पर ओटीपी नंबर जाएगा. इसके बाद लर्निंग लाइसेंस डाउनलोड कर प्रिंट ले सकते हैं. सभी वाहन चालकों को यातायात से संबंधित नियमों की जानकारी हो इसके लिए लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस के लिए सभी जिलों में ऑनलाइन टेस्ट की प्रक्रिया प्रारंभ है. ऑनलाइन टेस्ट में पास होने के बाद ही आवेदकों को लर्निंग लाइसेंस जारी किया जाता है. टेस्ट के लिए टाइम स्लॉट बुकिंग की सुविधा प्रदान की गई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *