
न्यूज़ टुडे एक्सक्लूसिव : नई दिल्ली
डा. राजेश अस्थाना, एडिटर इन चीफ, न्यूज़ टुडे मीडिया समूह
*कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने चुनाव आयोग पर धांधली का आरोप लगाते हुए कहा कि कर्नाटक से महाराष्ट्र चुनाव तक में वोट चोरी हुई है। उन्होंने लोकसभा चुनाव में भी गड़बड़ी का आरोप लगाया। तो चुनाव आयोग ने मांग लिया शपथपत्र। राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र के नतीजों से संदेह की पुष्टि हुई कि विधानसभा चुनाव चुराया गया था।*
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज फिर चुनाव आयोग पर धांधली का आरोप लगाया है। राहुल ने कहा कि कर्नाटक से महाराष्ट्र चुनाव तक में वोट चोरी किए गए हैं। उन्होंने इसी के साथ लोकसभा चुनाव में भी गड़बड़ी का आरोप लगाया।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रेजेंटेशन देते हुए राहुल गांधी ने कहा कि महाराष्ट्र के नतीजों जब आए तो हमारे इस संदेह की पुष्टि हुई कि विधानसभा चुनाव ‘चुराया’ गया था। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में 40 लाख फर्जी वोटिंग हुई। राहुल ने आगे कहा कि शाम 5 बजे के बाद एक दम से वोटर बढ़ गए, ये सब फर्जी था।
डिजिटल सूची न देना ही सबूत
राहुल ने आगे कहा कि डिजिटल मतदाता सूची न देने से हमें यकीन हो गया कि चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र में चुनाव ‘चुराने’ के लिए भाजपा के साथ मिलीभगत की है। कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि कर्नाटक की महादेवपुरा विधानसभा सीट पर 6.5 लाख वोटों में से 1 लाख से ज्यादा वोटों की ‘वोट चोरी’ हुई।
देश में ‘आपराधिक धोखाधड़ी’ की जा रही
कांग्रेस सांसद ने कहा कि हमने अपनी रिसर्च में पाया कि कर्नाटक के महादेवपुरा निर्वाचन क्षेत्र में एक लाख से ज़्यादा डुप्लीकेट मतदाता मिले, जिनके पते अमान्य हैं। राहुल गांधी का आरोप है कि सत्तारूढ़ पार्टी, चुनाव आयोग द्वारा पूरे देश में एक बड़ा ‘आपराधिक धोखाधड़ी’ की जा रही है।
घर का नंबर भी गलत
राहुल ने आरोप लगाया कि ‘चुनावी धोखाधड़ी’ में ये भी सामने आया कि महाराष्ट्र में कई वोटर्स के घर के पते पर केवल शून्य लिखा है। वहीं, कई लोगों के पिता का नाम भी कुछ भी डाल रखा है। किसी में तो पिता का नाम ITSDL लिखा है।
राहुल ने आरोप लगाया कि हमारे लिए सीसीटीवी फुटेज और मतदाता सूची अब अपराध का सबूत है और चुनाव आयोग इसे ‘नष्ट’ करने में व्यस्त है।
राहुल गांधी ने लगाए वोट चोरी के गंभीर आरोप, तो चुनाव आयोग ने मांग लिया शपथपत्र
राहुल गांधी ने गुरुवार को फिर चुनाव आयोग पर इलेक्शन में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि महाराष्ट्र चुनाव में धांधली की गई। एग्जिट पोल कुछ और नतीजे कुछ और थे।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को फिर चुनाव आयोग पर इलेक्शन में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया। राहुल गांधी के इन आरोपों पर चुनाव आयोग ने भी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। आयोग ने राहुल गांधी से उनके आरोपों को लेकर हलफनामा देने को कहा है। आयोग ने राहुल गांधी के आरोपों को काफी गंभीर भी बताया है। आयोग ने कहा कि इन आरोपों को केवल हाईकोर्ट में चुनौती दी जा सकती है।
उन्होंने आगे कहा कि हमारे आंतरिक सर्वे में कर्नाटक में हम 16 सीटें जीत रहे थे लेकिन हकीकत में केवल 9 सीटें जीती। जब हमने बेंगलुरु सेंट्रल लोकसभा सीट पर छानबीन की तो पता चला केवल एक विधानसभा सीट महादेवपुरा के भारी अंतर से बीजेपी ने लोकसभा सीट जीत ली। इस विधानसभा सीट पर एक लाख फर्जी वोटर बनवाए गए।