न्यूज़ टुडे ब्रेकिंग अपडेट : 141 अभ्यर्थियों की नियुक्ति चौकीदार पद पर, पदस्थापन प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन

न्यूज़ टुडे ब्रेकिंग अपडेट :

आशीष राज, स्थानीय संपादक, न्यूज़ टुडे मीडिया समूह :

” नवनियुक्त चौकीदार पद के लिए पदस्थापन प्रमाण पत्र वितरण समारोह ” का आयोजन स्थानीय राजेन्द्र नगर भवन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन संयुक्त रूप से सुनील कुमार, मंत्री, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग, बिहार सरकार- सह- प्रभारी मंत्री, पूर्वी चंपारण, मोतिहारी एवं डॉ शमीम अहमद, मंत्री, विधि विभाग, बिहार सरकार की उपस्थिति में जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक, पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष, उप विकास आयुक्त कुमार सौरभ, अनुमंडल पदाधिकारी मोतिहारी सदर के द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

विदित हो कि माननीय उच्च न्यायालय, पटना द्वारा पारित आदेश के आलोक में मोतिहारी जिलान्तर्गत 141 अभ्यर्थियों की नियुक्ति चौकीदार पद पर की गई है। जिसमें से 125 अभ्यर्थियों द्वारा जिला सामान्य शाखा, मोतिहारी में अपना योगदान समर्पित किया गया है।

इस समारोह में सभी नवनियुक्त 125 चौकीदारों( महिला/पुरुष) को नव पदस्थापन हेतु प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। कार्य में बेहतर प्रदर्शन करने वाले चौकीदारों (महिला/ पुरुष) को मंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।

पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आप सभी पुलिस परिवार के हिस्सा बन गए हैं। ग्रासरूट लेवल की सूचना थाना स्तर पर पहुंचा कर अपने कर्तव्य एवं दायित्व का निर्वहन सुनिश्चित करेंगे।

जिलाधिकारी श्री शीर्षत ने अपने संबोधन में कहा कि चौकीदार पद पर नियुक्ति पूरी निष्पक्षता / पारदर्शिता के साथ की गई है। बिहार सरकार रोजगार को बढ़ावा देने के लिए कटिबद्ध है। आप सभी ग्रास रूट लेवल की सूचना थाना स्तर तक पहुंचाकर निष्पक्षता पूर्वक क्षेत्र में बेहतर कार्य करते हुए अपने कर्तव्य का पालन सुनिश्चित करेंगे।

मंत्री डॉक्टर शमीम अहमद ने कहा कि समाज में मद्य निषेध अभियान का निष्ठा पूर्वक कार्य सुनिश्चित करेंगे ।

प्रभारी मंत्री श्री सुनील कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि आप सभी पुलिस परिवार के सदस्य बन गए हैं। अच्छे आचरण/ न्याय प्रिय सही सूचना देकर अपने पद का सही इस्तेमाल करेंगे। पुलिस अधीक्षक को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि नवनियुक्त सभी चौकीदारों के लिए एक वर्कशॉप का आयोजन किया जाए ताकि सभी अपने कार्य से अवगत हो सके।

उन्होंने कहा कि सप्ताह में एक बार चौकीदार परेड कराई जाएगी। ग्रास रूट लेवल के समस्याओं (धार्मिक उन्माद ,जमीनी विवाद, आदि ) की बारीकी से जानकारी हासिल कर थाना स्तर पर सही सूचना दें ताकि बड़ी घटना होने के पूर्व उस पर नियंत्रण पाया जा सके। सभी चौकीदारों के लिए उन्होंने उज्जवल भविष्य एवं नए वर्ष की शुभकामना दी।

कार्यक्रम का संचालन जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रभात कुमार झा के द्वारा किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी मोतिहारी सदर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मोतिहारी सदर, भूमि उप समाहर्ता, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपनीय शाखा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सहायक निदेशक बाल संरक्षण इकाई आदि के साथ-साथ सभी नवनियुक्त चौकीदार उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *