न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : ग्रामीण कार्य मंत्री जयंत राज के पिता एवं पूर्व विधायक जनार्दन मांझी का निधन, सीएम नीतीश ने जताया शोक, कहा- कुशल राजनेता थे, मैंने अपना अच्छा दोस्त खो दिया

न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : बांका- पटना/ बिहार :

बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य मंत्री जयंत राज के पिता और अमरपुर के पूर्व विधायक जनार्दन मांझी का मंगलवार को पटना के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे 78 वर्ष के थे। उनके निधन पर जिले में शोक की लहर दौड़ गई। जर्नादन मांझी तीन बार विधायक रहे थे। बांका जिले के बेलहर विधानसभा क्षेत्र से 2005 में पहली बार जदयू विधायक बने और उसके बाद 2010 व 2015 में लगातार अमरपुर विधानसभा से जदयू के टिकट पर विधायक बने। इसके बाद उनके पुत्र जयंत राज को अमरपुर से जदयू ने टिकट दिया। वह फिलहाल सरकार में ग्रामीण कार्य मंत्री हैं। वे बांका के बौंसी प्रखंड की कुडरो पंचायत के सिंघेश्वरी गांव के रहने वाले थे।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्व विधायक जनार्दन मांझी के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि जनार्दन मांझी एक कुशल राजनेता के साथ ही सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय थे। वे बांका जिले के अमरपुर विधानसभा क्षेत्र से दो बार विधायक रहे थे। उनसे मेरा व्यक्तिगत संबंध था। उनके निधन से राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। मुख्यमंत्री ने स्व. मांझी के पुत्र ग्रामीण कार्य मंत्री जयंत राज से दूरभाष पर बात कर उन्हें सांत्वना दी है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की चिर शांति तथा उनके परिजनों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *