न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : मानवता शर्मसार, बचाओ…बचाओ…बचाओ… चिल्लाता रहा, बचाने के बजाय वीडियो बनाते रहे लोग, मुजफ्फरपुर में बाढ़ के पानी में युवक डूबा, शव बरामद

न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : मुजफ्फरपुर/ बिहार :

मुजफ्फरपुर में बाढ़ का कहर जारी है। हर दिन जिले में कहीं न कहीं बाढ़ के पानी में डूबने से मौत हो रही है। ताज़ा मामला सिकन्दरपुर OP क्षेत्र का है, जहां बाढ़ के पानी मे नहाने के दौरान डूबने से कार्टन बनाने वाले कारीगर की मौत हो गई। लोग उसके पानी में डूबने का वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने उसे बचाने की कोशिश नहीं की। वह पानी में जब गहराई में गया, अपने हाथ-पैर बचने के लिए मारने लगा। घाट के किनारे खड़े लोगों ने अपना मोबाइल निकाल लिया और वीडियो बनाना शुरू कर दिया। हद तो तब हो गई जब आंखों के सामने युवक डूब गया औऱ लोग वीडियो ही बनाते रह गए। मृतक की पहचान दीपक कुमार (35) के रूप में की गई है। वह माड़ीपुर का रहने वाला था।

वह जोगिया मठ में कार्टन बनाने का काम करता था और ठेला पर फेरी का सामान भी बेचता है। शनिवार शाम को वह काम के बाद अपने घर लौट रहा था। सीढ़ी घाट के पास ठेला लगाकर पानी में नहाने चला गया, लेकिन, उसे गहराई का अंदाज़ा नहीं था और ठीक से तैरना भी नहीं आता था। गहरे पानी मे जाकर वह डूबने लगा और छटपटाता हुआ बाहर निकलने की कोशिश करने लगा। वह जोर-जोर से चिल्ला भी रहा था। वहां कुछ लोग मौजूद थे। इसमे से कई ने अपने मोबाइल से डूब रहे युवक का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। कोई उसकी मदद करने आगे नहीं बढ़ा, क्योंकि पानी की गहराई अधिक थी। पुरजोर कोशिश करने के बाद वह पानी मे डूब गया। इसके बाद सभी लोग वहां से चले गए। जब वह रात को घर नहीं पहुंचा तो परिजन तलाश करने निकले। खोजबीन करते-करते सुबह हो गई। तभी उनलोगों को सूचना मिली कि एसएसपी कोठी के पीछे पानी में एक शव बरामद हुआ है। परिजन वहां पहुंचे तो देखा पुलिस और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा है। शव को देखकर पहचान की गई। पानी से शव निकालने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ओपी प्रभारी हरेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक के शरीर पर कोई ज़ख्म के निशान नहीं मिले हैं। पाने में डूबने से मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पूरी जानकारी मिलेगी। बताया गया कि दीपक शादीशुदा था। उसके दो बच्चे भी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *