न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : बिहार में ताबड़तोड़ तबादले, बिहार सरकार ने 240 बीडीओ 183 अंचलों में नए सीओ, 17 अनुमंडलों में नए डीसीएलआर के साथ जल संसाधन और पथ निर्माण विभाग में 250 से अधिक इंजीनियरों के तबादले

न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : पटना/ बिहार :

बिहार सरकार ने 240 बीडीओ 183 अंचलों में नए सीओ और 17 अनुमंडलों में नए भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) की तैनाती की है। इसी के साथ जल संसाधन विभाग और पथ निर्माण विभाग में 250 से अधिक इंजीनियरों के तबादले की भी सूचना है।

बिहार सरकार के महकमों में बुधवार का दिन तबादलों के नाम रहा। यूं तो विभागीय कर्मियों और अधिकारियों का सिलसिला एक हफ्ते से जारी है। सरकार के ग्रामीण विकास विभा, राजस्‍व एवं भूमि सुधार विभाग, पथ निर्माण विभाग और जल संसाधन विभाग में बड़े पैमाने पर तबादले किए गए हैं। सरकार ने 240 प्रखंडों में नए बीडीओ, 183 अंचलों में नए सीओ और 17 अनुमंडलों में नए भूमि सुधार उप समाहर्ता (डीसीएलआर) को भेजा है। साथ ही जल संसाधन विभाग और पथ निर्माण विभाग में ढाई सौ अधिक इंजीनियरों और विभागीय कर्मियों को इधर से उधर किया गया है।

डीसीएलआर के तबादले में शामिल हैं ये नाम

डीसीएलआर के तबादले में मो. जफर को रजौली, प्रभात कुमार को बिहारशरीफ, संजय कुमार को राजगीर, स्वप्निल को हाजीपुर सदर, अखिलेश कुमार को सोनपुर, इफ्तेखार अहमद को रोसड़ा और विमल कुमार को शेखपुरा सदर का डीसीएलआर बनाया गया है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग की ओर से बुधवार को जारी अधिसूचना के मुताबिक, गोपाल कुमार सासाराम सदर, जयचंद्र यादव मुजफ्फरपुर पूर्वी, शिवपूजन पटना सिटी, संजय कुमार मसौढी, अनिल कुमार आर्य बाढ़, कुमार प्रशांत नरकटियागंज, अजय कुमार सिंह सिवान सदर, कलीमुद्दीन मधेपुरा सदर, मनोज कुमार तेघड़ा और प्रेमकांत बक्सर सदर के डीसीएलआर बनाए गए हैं।

ग्रामीण विकास विभाग में ताबड़तोड़ तबादले

ग्रामीण विकास विभाग की ओर से बुधवार को तबादलों से जुड़ी चार अधिसूचनाएं जारी की गई हैं। राज्‍य के 240 प्रखंडों में नए ग्रामीण विकास पदाधिकारी सह प्रभारी प्रखंड विकास पदाधिकारी की तैनाती की गई है। विभाग ने महिला प्रसार पदाधिकारी और प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी का भी तबादला किया है।

भूमि सुधार विभाग में तबादलों का दिन

राज्‍य के भूमि सुधार विभाग ने एक ही दिन में तबादलों से जुड़ी चार अधिसूचनाएं जारी की हैं। इनके जरिये प्रभारी अंचल अधिकारी, प्रभारी चकबंदी पदाधिकारी, प्रभारी बंदोबस्‍त अधिकारी और डीसीएलआर का तबादला किया गया है।

पथ निर्माण विभाग में भी धड़ाधड़ तबादले

बिहार सरकार के पथ निर्माण विभाग में भी दो दिनों के अंदर धड़ाधड़ तबादले किए गए हैं। विभाग की ओर से आज आदेश जारी कर 76 कनीय अभियंताओं (junior engineer) का तबादला किया गया है। इससे पहले मंगलवार को विभाग ने 72 सहायक अभियंता, 14 कार्यपालक अभियंता और कई अधीक्षण अभियंता का तबादला किया था।

जल संसाधन विभाग में किए गए तबादले

बिहार के जल संसाधन विभाग में भी बड़े पैमाने पर तबादले किए गए हैं। इनमें सहायक अभियंता (यांत्रिक) और वर्ग तीन के दर्जनों कर्मी शामिल हैं। सभी को तत्‍काल नए कार्यस्‍थल पर योगदान करने का निर्देश दिया गया है।

तबादलों का दौर जारी रहने की संभावना

राज्‍य सरकार के अलग-अलग विभागों में तबादलों का दौर अभी जारी रहने की संभावना है। लगातार करीब डेढ़ साल से कोरोना के कारण विभागों में तबादले नहीं के बराबर हुए हैं। अब संक्रमण की दर घटने के बाद सरकार सभी विभागों में व्‍यापक फेरबल कर सकती है। तबादलों की शुरुआत सबसे पहले राजस्‍व एवं भूमि सुधार विभाग और परिवहन विभाग से हुई। परिवहन विभाग ने कई डीटीओ के अलावा संविदा कर्मियों का भी तबादला पिछले दिनों किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *