न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : दिल्ली हुआ अनलॉक, सात जून से चलेगी मेट्रो, मॉल-बाजार और 50 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ ऑफिस खुलेंगे

न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : नई दिल्ली :

दिल्ली में कोरोना के कम होते संक्रमण के कारण दिल्ली सरकार ने अनलॉक की प्रक्रिया शुरू की है. इसके तहत सोमवार से दिल्ली में 50 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ सरकारी और निजी दफ्तर खुलेंगे. सोमवार से दिल्ली में 50 फीसदी क्षमता के साथ मेट्रो चलाई जाएगी. साथ ही ऑड इवन के आधार पर बाजारों को भी खोला जाएगा.

छूट के साथ लॉकडाउन की अवधि और बढ़ाई

उन्होंने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार कोरोना वायरस के स्वरूप का पता लगाने के लिए एलएनजेपी अस्पताल तथा यकृत एवं पित्त विज्ञान संस्थान (आईएलबीएस) में दो जीनोम अनुक्रमण प्रयोगशालाएं बनाएगी. केजरीवाल ने एक ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दिल्ली में सोमवार सुबह पांच बजे तक लगे लॉकडाउन की अवधि और बढ़ाई जाएगी लेकिन कई तरह की छूट भी दी जाएंगी.उन्हाेंने कहा कि मेट्राे सेवाएं 50 फीसदी क्षमता के साथ चलेगी.

उन्हाेंने कहा कि दिल्ली में मॉल और बाजार खाेले जा रहे हैं. सुबह 10 बजे से रात 8 बजे तक दुकानें खुली रहेंगी. दुकानें ऑड-ईवन फॉर्मूले के नियम से खुलेंगी. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली मेट्रो आधी क्षमता के साथ शुरू की जा रही है. साथ ही ई-कॉमर्स के जरिए जो सामान बेचने की प्रक्रिया है वह चालू हो जाएगी.

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोटे मोटे तौर पर कोरोना लॉकडाउन में फिलहाल यह रियायतें दी जा रही हैं. यदि स्थिति इसी तरह सुधरती रही तो अगले कदम में दिल्ली सरकार अन्य गतिविधियों को शुरू करने पर भी विचार करेगी.

उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी कार्यालयों को 50 फीसदी कर्मचारियों के साथ फिर से खोलने की अनुमति दी जाएगी. दिल्ली में सोमवार से सरकारी दफ्तर भी खुलेंगे. सरकारी दफ्तरों में ग्रुप ए के अधिकारियों की शत प्रतिशत उपस्थिति रहेगी. ग्रुप ए से नीचे के अधिकारी व कर्मचारी प्रतिदिन 50 फीसदी की संख्या में ऑफिस आएंगे.

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कोरोना काल में आवश्यक सेवाओं से जुड़े सभी कर्मचारियों को अपनी उपस्थिति दर्ज करानी होगी. विभाग अध्यक्षों की जिम्मेदारी होगी कि वह किन कर्मचारियों को प्रतिदिन बुलाते हैं और किन कर्मचारियों की ड्यूटी 50 फीसदी के आधार पर तय की जाती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *