![](https://newstodayupdate.in/wp-content/uploads/2021/02/IMG_20210219_212234.jpg)
न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : मोतिहारी/ बिहार :
आज बड़े धूम धाम के साथ मुंशी सिंह महाविद्यालय का स्थापना दिवस समारोह मनाया गया। इसके साथ ही कुलसचिव द्वारा संस्थापक प्राचार्य प्रो.केशव प्रसाद सिंह की नवनिर्मित प्रतिमा का अनावरण, यूजीसी महिला छात्रावास, रूसा कोश से निर्मित भवन, ब्रिटिशकालीन सेल परिसर के पथ निर्माण, बागवानी व जलापूर्ति, सांसद निधि से स्थापित आर. ओ.प्लांट और यूजीसी कोश से निर्मित स्वर्ण जयंती हॉल का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर बी.आर. ए.बिहार विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो.रामकृष्ण ठाकुर, परीक्षा नियंत्रक डॉ.मनोज कुमार और प्राचार्य डॉ.हरिनारायण ठाकुर ने संयुक्त रूप से दानवीर मुंशी सिंह, संस्थापक प्राचार्य श्री केशव प्रसाद सिंह, प्रतापी प्राचार्य भोलानाथ सिंह और संस्थापक सचिव श्री राम लखन मिश्र की मूर्ति पर माल्यार्पण किया।
प्रथम सत्र में आयोजित राष्ट्रीय सेमिनार “उच्च शिक्षा की चुनौतियां और नई शिक्षा नीति 2020″पर बीज व्याख्यान देते हुए हिंदी विभागाध्यक्ष प्रो.(डॉ.)अरुण कुमार ने कहा कि पानी की धार को बदलते रहना चाहिए। इस दृष्टि से राष्ट्रीय नई शिक्षा नीति 2020 हर तरह से समावेशी है और इसमें हरेक तबके का समुचित खयाल रखा गया है। इससे नए भारत का निर्माण संभव हो सकेगा।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के शिक्षा संकाय के डीन डॉ.आशीष श्रीवास्तव ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए नई शिक्षा नीति एक आवश्यक आवश्यकता थी। इस शिक्षा नीति की ज़रूरत शिद्दत से महसूस की जा रही थी। इससे शिक्षा के क्षेत्र की एक बड़ी कमी की पूर्ति हुई है।
वहीं प्रमुख वक्ता और ए आई फूकतो के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रो.अरुण कुमार सिंह ने कहा कि नई शिक्षा नीति से कई तरह की शंकाएं भी पैदा हो रही हैं। समाज के जिन वंचित तबकों को राष्ट्र की मुख्य धारा में लाना है उनके लिए इस शिक्षा नीति में कोई स्पेस नजर नहीं आता। ऐसा लगता है कि उच्च शिक्षा को बाज़ार के हवाले कर दिया जायेगा और ये सारे संस्थान धीरे धीरे निजी हाथों में चले जाएंगे।
इस अवसर पर कुलसचिव डॉ.रामकृष्ण ठाकुर और परीक्षा नियंत्रक डॉ.मनोज कुमार ने संगोष्ठी को संबोधित किया। सुप्रसिद्ध गांधीवादी विचारक श्री ब्रज किशोर सिंह ने भी अपने उद्गार व्यक्त किए।
प्रारंभ में प्राचार्य डॉ.हरिनारायण ठाकुर ने अंगस्त्रम, स्मृति चिन्ह और पुष्प गुच्छ देकर अतिथियों को सम्मानित किया तथा स्वागत भाषण भी दिया। समस्त कार्यक्रम का संचालन प्रो.अरुण कुमार ने किया। इस अवसर पर प्रो.अनूप वर्मा, प्रो.इक़बाल हुसैन, प्रो.मृगेंद्र कुमार, प्रो.शिखा राय, प्रो.यमुना राम सहित समस्त कर्मचारी, छात्र छात्राएं मौजूद रहीं।