![](https://newstodayupdate.in/wp-content/uploads/2021/02/IMG_20210218_204556.jpg)
न्यूज़ टुडे अपडेट : पीपराकोठी- मोतिहारी/ बिहार :
राज्यपाल फागू चौहान पीपराकोठी कृषि विज्ञान केंद्र परिसर पहुंचे। उन्होंने दो दिवसीय पशु आरोग्य मेले का शुभारंभ दीप जलाकर किया। वे यहां एक्सीलेंस सेंटर फॉर बोवाइन ब्रीडिंग (उत्कृष्ट गोजातीय प्रजनन केंद्र) और वैज्ञानिकों व कर्मचारियों के लिए आवासीय भवनों का शिलान्यास किए। पशु आरोग्य मेले में दुधारू पशुओं की प्रदर्शनी लगी है।
कृषि व पशुपालन संबंधी 70 स्टॉल लगाए गए हैं। ब्रीडिंग परिसर में 200 गायों के रहने की व्यवस्था होगी। इस कार्यक्रम में चम्पारण और आसपास के करीब चार हजार से अधिक किसान व पशुपालक हिस्सा ले रहे हैं। शिलान्यास कार्यक्रम में डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के पशु विज्ञानियों के अलावा पूर्व केंद्रीय मंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद राधामोहन सिंह, गन्ना उद्योग मंत्री प्रमोद कुमार, पशु एवं मत्स्य संसाधन मंत्री मुकेश सहनी समेत जिले के विधायक व पदाधिकारी उपस्थित रहे।
प्रत्येक प्रखंड मुख्यालय में बनेगी मछली बाजार : मुकेश सहनी
पशु व मत्स्य संसाधन मंत्री मुकेश सहनी ने राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालय पर मछली बाजार स्थापित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार पशु चारा पर किसानों को सब्सिडी प्रदान करेगी। उन्होंने पशुपालन व मत्स्यपालन के माध्यम से बीस लाख युवाओं को रोजगार देने की घोषणा को साकार किया जाएगा। वहीं. मछली पालन के लिए मछुआरों को जाल व नाव भी दिए जाएंगे।
गन्ना लगाइए गुड़ बनाइए, बनिए आत्मनिर्भर : प्रमोद कुमार
राज्य के गन्ना उद्योग व विधि मंत्री प्रमोद कुमार ने कहा है कि पिछले 50 वर्षों में किसानों की आमदनी को बढ़ाने के लिए किसी सरकार ने कोई काम नहीं किया, वहीं जब नरेंद्र मोदी की सरकार किसानों की आमदनी दोगुनी करने के लिए कार्य कर रही है तो कुछ लोग अनावश्यक रूप से उसमें हस्तक्षेप कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गन्ना से गुड़ बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इसके लिए राज्य सरकार कृषि विज्ञान केंद्र के बीच अनुबंध हुआ है। इसके लिए सरकार अनुदान भी दे रही है। इससे बेरोजगार युवकों को रोजगार मिलेगा। इसी वित्तीय वर्ष में 21 यूनिट गुड प्रोसेसिंग यूनिट को अनुज्ञप्ति देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।