न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : प्रधानमंत्री मोदी ने किया पंडित नेहरू का जमकर गुणगान, कहा-नेहरू-पटेल जैसे नायक आजादी के पथ प्रदर्शक, आजादी के 75वें साल का जश्न ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ शुरू

न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : नई दिल्ली :

★प्रधानमंत्री मोदी ने किया पंडित नेहरू का जमकर गुणगान, कहा—नेहरू-पटेल जैसे नायक आजादी के पथ प्रदर्शक : अहमदाबाद से 81 लोग 386 किमी की यात्रा कर 5 अप्रैल को दांडी पहुंचेंगे। गांधीजी ने 78 लोगों के साथ साबरमति आश्रम से दांडी यात्रा शुरू की थी। 75वें स्वतंत्रता दिवस से 75 हफ्ते पहले शुरू हुआ महोत्सव, 2023 तक चलेगा★

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के अहमदाबाद में आजादी के 75वें साल के जश्न की शुरुआत की। इस कार्यक्रम का नाम है ‘आजादी का अमृत महोत्सव’। शुक्रवार को गांधीजी के नमक सत्याग्रह के 91 साल भी पूरे हुए, इसलिए अहमदाबाद के साबरमती आश्रम में महोत्सव के मुख्य कार्यक्रम का उद्घाटन मोदी ने किया। इस दौरान उन्होंने जवाहरलाल नेहरू का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा, ‘अंग्रेजों के सामने गर्जना करने वाली रानी लक्ष्मी बाई हों, पंडित नेहरू हों, सरदार पटेल हों, ऐसे अनगिनत जननायक आजादी के आंदोलन के पथ प्रदर्शक रहे।’ मोदी ने दांडी मार्च को भी हरी झंडी दिखाई और ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ वेबसाइट लाॅन्च की।

भारत की स्वतंत्रता की 75वीं वर्षगांठ को समर्पित ‘‘आजादी का अमृत महोत्सव’’ समारोह में पीएम मोदी ने कहा, ”पंडित नेहरू, सरदार पटेल, बाबा साहब अंबेडकर, सुभाष चंद्र बोस ये सभी महान व्यक्तिव आजादी के आंदोलन के पथ दर्शक रहे हैं. उनके सपनों का भारत बनाना है. हम सामूहिक संकल्प ले रहे हैं. इनसे प्रेरणा ले रहे हैं.”

पीएम मोदी ने कहा, ‘‘देश इतिहास के इस गौरव को सहेजने के लिए पिछले छह वर्षों से सजग प्रयास कर रहा है. हर राज्य, क्षेत्र में इस दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं. दांडी यात्रा से जुड़े स्थल का पुनरुद्धार देश ने दो साल पहले ही पूरा किया था. मुझे खुद इस अवसर पर दांडी जाने का मौका मिला था.’’

उन्होंने आगे कहा, ‘‘अंडमान में जहां नेताजी सुभाष ने देश की पहली आज़ाद सरकार बनाकर तिरंगा फहराया था, देश ने उस विस्मृत इतिहास को भी भव्य आकार दिया है. अंडमान निकोबार के द्वीपों को स्वतन्त्रता संग्राम के नामों पर रखा गया है. जलियाँवाला बाग का स्मारक हो या फिर पाइक आंदोलन की स्मृति में स्मारक, सभी पर काम हुआ है. बाबा साहेब से जुड़े जो स्थान दशकों से भूले बिसरे पड़े थे, उनका भी विकास देश ने पंचतीर्थ के रूप में किया है.’’

पीएम मोदी ने बताया कि 75वीं वर्षगांठ का समारोह 15 अगस्त 2023 तक चलेगा. उन्होंने उन्होंने कहा कि बीते छह वर्ष में देश के गुमनाम नायकों के इतिहास को संरक्षित करने के ‘सजग प्रयास’ किए गए हैं. प्रधानमंत्री ने महात्मा गांधी की दांडी यात्रा का स्मरण करते हुए गुजरात के साबरमती आश्रम से पदयात्रा को हरी झंडी दिखाई. अहमदाबाद के साबरमती आश्रम से 81 लोगों ने पदयात्रा शुरू की. वे 386 किमी दूर नवसारी के दांडी तक जाएंगे. 25 दिन की इस पदयात्रा का समापन पांच अप्रैल को होगा.

महात्मा गांधी के नेतृत्व में ‘नमक सत्याग्रह’ की घोषणा करते हुए 78 लोगों ने 12 मार्च 1930 से दांडी यात्रा शुरू की थी. नमक पर अंग्रेजों के दमनकारी ‘कर’ के खिलाफ यह राष्ट्रपिता का अहिंसक विरोध था जिसकी भारत की आजादी के आंदोलन में अहम भूमिका रही.

समारोह की शुरुआत करने के बाद मोदी ने कहा, ‘‘हमें अपने संविधान और लोकतांत्रिक परंपराओं पर गर्व है. भारत लोकतंत्र की जननी है और हम इसे मजबूत करते हुए आगे बढ़ रहे हैं. भारत की उपलब्धियां केवल हमारी अपनी नहीं हैं, बल्कि हमारी उपलब्धियां पूरे विश्व को प्रकाश दिखा रही है.’’

उन्होंने कहा कि विकास के प्रति भारत का ‘आत्मनिर्भर’ रूख विश्व के विकास की यात्रा को बल देगा. मोदी ने कहा, ‘‘पांच स्तंभ हैं: स्वतंत्रता संग्राम, 75 में विचार, 75 में उपलब्धियां, 75 में कार्य, 75 में संकल्प. ये पांचों स्तम्भ आजादी की लड़ाई के साथ साथ आजाद भारत के सपनों और कर्तव्यों को देश के सामने रखकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देंगे.’’

अहमदाबाद हवाईअड्डे पर उतरने के बाद प्रधानमंत्री सड़क मार्ग से साबरमती आश्रम पहुंचे जहां उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की. वह आश्रम में स्थित आवास हृदयकुंज भी गए जहां गांधी 1918 से 1930 तक अपनी पत्नी कस्तूरबा के साथ रहे थे. पीएममोदी ने आगंतुक पुस्तिका में लिखा कि यह महोत्सव हमारे स्वतंत्रता संग्राम और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति श्रद्धांजलि है.

उन्होंने आगे लिखा, ‘‘साबरमती आश्रम आकर और बापू की प्रेरणा से राष्ट्र निर्माण का मेरा दृढ़ निश्चय और भी मजबूत हुआ है.’’ प्रधानमंत्री ने लिखा, ‘‘महात्मा गांधी ने आत्म निर्भरता और आत्म विश्वास का संदेश यहीं से दिया था.’’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *