न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : लोजपा सांसद चंदन सिंह के सीएम से मिलने के बाद सीपीआई के साथ विवाद के बीच नीतीश के मंत्री से मिले कन्हैया, बिहार की सियासत में हलचल

न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : पटना/ बिहार :

बिहार की सियासत में सोमवार को दो तस्वीरों ने हलचल बढ़ा दी है. दरअसल लोक जनशक्ति पार्टी के सांसद चंदन सिंह की सीएम नीतीश कुमार से हुई मुलाकात के बाद अब लेफ्ट नेता और जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने भी नीतीश कुमार की ही एक मंत्री से मुलाकात की है.

बिहार की सियासत में रोजाना नई खिचड़ी पकती दिखती रहती है। अब कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (सीपीआई) के नेता और जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार ने जनता दल यूनाइटेड (जदयू) नेता अशोक चौधरी से मुलाकात की है। उनकी इस मुलाकात की सियासी गलियारों में काफी चर्चा हो रही है। कन्हैया और अशोक चौधरी की मुलाकात से अटकलों का बाजार गर्म हो गया है।

बेगूसराय से लोकसभा का चुनाव लड़ चुके कन्हैया कुमार ने बिहार में जेडीयू के कद्दावर नेता और नीतीश कैबिनेट में मंत्री अशोक चौधरी से मुलाकात की. कन्हैया और अशोक की यह मुलाकात अशोक चौधरी से उनके आवास पर हुई और इस दौरान जमकर फोटो सेशन भी हुआ. हालांकि इस मुलाकात को औपचारिक बताया जा रहा है लेकिन जिस बॉडी लैंग्वेज के साथ दोनों नेता आपस में मिलते दिख रहे हैं उसने सियासी गलियारे में हलचल मचा दी है.

नीतीश कुमार के बाद अशोक चौधरी के साथ कन्हैया कुमार की हुई इस मुलाकात को इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि बिहार में चुनाव जीतने के बाद भी जेडीयू कई दलों के नेताओं को अपने पाले में लेने की जुगाड़ में है. बिहार में इस बार वामदलों का प्रदर्शन अच्छा रहा है, ऐसे में वाम दल के ही स्टार चेहरे कन्हैया कुमार की नीतीश कुमार के मंत्री से हुई इस मुलाकात को बिहार की राजनीति के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है. मुलाकात ऐसे समय पर हुई है जब सीपीआई ने कन्हैया कुमार के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *