न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : कांट्रैक्ट बहाली में भी अब लागू होगा आरक्षण, कैबिनेट बैठक में सीएम नीतीश का बड़ा फैसला, आदेश जारी

न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : पटना/ बिहार :

राज्य सरकार ने संविदा के आधार पर नियुक्ति प्रक्रिया को और स्पष्ट कर दिया है। इसके तहत स्वीकृत पदों पर ही कांट्रैक्ट पर नियुक्ति होगी। स्थायी पदों पर भी कांट्रैक्ट पर नियुक्ति हो सकेगी, लेकिन ऐसा तभी होगा जब नियुक्ति प्राधिकार में नियुक्ति की प्रक्रिया में विलंब हो रहा हो। कांट्रैक्ट पर नियुक्ति की अर्हता स्थायी पदों के समरूप ही रहेगी और रोस्टर का पालन करना अनिवार्य होगा यानी इसमें भी आरक्षण के नियमों का पालन किया जाएगा। संविदा के आधार पर नियुक्ति पदों को विज्ञापित करने के बाद ही होगी। मंगलवार को कैबिनेट ने इसके अलावा अन्य 18 प्रस्तावों पर सहमति प्रदान की।

बिहार पुलिस सेवा के लिए भी न्यूनतम उम्र सीमा 20 से बढ़ाकर 21 वर्ष कर दी गई है। पहले पुलिस सेवा के स्नातक स्तरीय पदों के लिए न्यूनतम उम्रसीमा 21 वर्ष थी, जबकि बिहार पुलिस सेवा में सीधी भर्ती के लिए न्यूनतम आयु 20 वर्ष थी। अब सबको एक समान करते हुए उसे भी 21 वर्ष कर दिया गया है। दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम के तहत राज्य की सेवाओं में नियुक्ति और शैक्षणिक संस्थानों के नामांकन में बहु-दिव्यांगता आरक्षण को शामिल किया गया है।

बजट सत्र 19 फरवरी से 24 मार्च तक

बिहार विधानमंडल का बजट सत्र 19 फरवरी से शुरू होकर 24 मार्च तक चलेगा। 19 फरवरी को ही विधानसभा और विधान परिषद का संयुक्त सत्र आयोजित होगा, जिसे राज्यपाल संबोधित करेंगे। इसी दिन आर्थिक सर्वेक्षण पेश होगा। 22 फ़रवरी को राज्य सरकार का बजट 2021-22 विधानसभा के पटल पर रखा जाएगा जबकि 23 फरवरी को विधान परिषद में पेश होगा। विधानमंडल की 22 बैठकें होंगी। 20, 21, 27, 28 फरवरी के अलावा 6, 7, 11, 13, 14, 20, 21, 22 मार्च को सदन की बैठकें नहीं होंगी। इसके बाद 1 से 5 मार्च तक बजट पर चर्चा होगी। 8 मार्च से 16 मार्च तक विभागों के बजट पेश होंगे और उसपर चर्चा होगी। साथ ही मतदान भी होंगे। 17 मार्च को सरकार का उत्तर होगा। 19 व 24 मार्च को गैर सरकारी संकल्प पेश होंगे जबकि 18 व 23 मार्च को राजकीय विधेयक और राजकीय कार्य होंगे।

पौधा संरक्षण में 1175पदों पर बहाली जल्द

पटना| कृषि मंत्री अमरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा है कि विभाग के पौधा संरक्षण संभाग में 1175 अधिकारी और कर्मियों के रिक्त पदों पर जल्द बहाली होगी। मंत्री ने मंगलवार को बिहार राज्य बीज निगम और पौधा संरक्षण की समीक्षा की। बताया गया कि पौधा संरक्षण में 1509 पद स्वीकृत हैं। अभी 334 पदाधिकारी और कर्मी ही कार्यरत हैं। मंत्री ने कहा कि दलहन, गेहूं, धान के अतिरिक्त संकर मक्का एवं सब्जी के उत्पादन को शामिल कर बीज उत्पादन शुरू किया गया है।

जीविका दीदी बनाएंगी स्कूली बच्चों की पोशाक

कैबिनेट विभाग के प्रधान सचिव संजय कुमार ने बताया कि सूबे में स्कूली बच्चों की पोशाक अब जीविका दीदी तैयार करेंगी। सरकार ने पोशाक योजना के तहत अहम निर्णय लेते हुए उन्हें तैयार करने का जिम्मा जीविका समूह को सौंप दिया है। इंडस्ट्रियल क्लस्टर के जरिए खादी, हैंडलूम और पावरलूम से कपड़े लिए जाएंगे, फिर दीदियां पोशाक तैयार करेंगी। इसके लिए वित्त विभाग, शिक्षा विभाग, ग्रामीण विकास विभाग और उद्योग विभाग व्यापक कार्ययोजना बनाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *