न्यूज़ टुडे एक्सक्लूसिव : दो महीने के अंदर ही प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोले जदयू विधायक- छह महीने में नीतीश हटेंगे, तेजस्वी बनेंगे सीएम, मैं खुद मसल्स पावर से जीता

न्यूज़ टुडे एक्सक्लूसिव :

डा. राजेश अस्थाना, एडिटर इन चीफ, न्यूज़ टुडे मीडिया समूह :

हाल ही में भागलपुर के गोपालपुर से जदयू विधायक गोपाल मंडल की एक ऑडियो क्लिप वायरल हुई थी, इसमें विवादास्पद बयान के बाद उनकी काफी फजीहत हुई थी।

बिहार चुनाव को खत्म हुए अभी दो महीने ही गुजरे हैं। हालांकि, इन दो महीनों में ही राज्य में राजनीति के कई रंग देखने को मिल चुके हैं। राजद के एनडीए सरकार गिराने के दावों से लेकर जदयू विधायकों की बगावत की खबरों तक, राज्य में राजनीतिक उठापटक का दौर अब भी जारी है।

इस बीच अपने विवादित बयानों के लिए लोकप्रिय भागलपुर की गोपालपुर विधानसभा सीट से जदयू विधाक गोपाल मंडल ने एक बार फिर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि नीतीश कुमार छह महीनों में बिहार सीएम पद से हट जाएंगे और उनकी जगह तेजस्वी यादव आ जाएंगे।

कब आया गोपाल मंडल का यह बयान

एक दिन पहले ही गोपाल मंडल की एक ऑडियो क्लिप वायरल हुई थी। इसमें वे भाजपा के रोहित पांडेय पर कटाक्ष करते सुने गए थे। इसके साथ ही वे कहते हैं कि भूमिहार और ब्राह्मण को सैंत देंगे। इस क्लिप के वायरल होने के बाद गोपाल मंडल की काफी फजीहत हुई थी। इसी बयान पर सफाई देने के लिए वे प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए आगे आए।

इसी प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान गोपाल मंडल की जुबान फिसल गई। उन्होंने पहले तो नीतीश कुमार को दबंग मुख्यमंत्री करार दिया। हालांकि, बाद में उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की पारी 6 महीनों में ही खत्म हो जाएगी। इतना ही नहीं मंडल ने यहां तक दावा कर दिया कि इसके बाद राजद के तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *