न्यूज़ टुडे ब्रेकिंग अपडेट : महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय के तीन करोड़ 70 लाख की भूमि घोटाला मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार 

न्यूज़ टुडे ब्रेकिंग अपडेट : मोतिहारी 

आशीष राज, स्थानीय संपादक, न्यूज़ टुडे मीडिया समूह 

*इस घोटाले में करोड़ों रुपये की सरकारी राशि की बंदरबांट का आरोप है, जिसमें सरकारी पदधारियों की संलिप्तता भी सामने आ चुकी है। इस मामले को लेकर पहले से ही निगरानी विभाग और पुलिस जांच कर रही है।*

बिहार के मोतिहारी स्थित महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी के भूमि अधिग्रहण में हुए ₹3.70 करोड़ के घोटाले के मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है। हरसिद्धि थाना पुलिस ने इस घोटाले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तत्कालीन अमीन जटाशंकर सिंह, दिनेश प्रसाद, और वारंटी ललन तिवारी शामिल हैं। इन सभी के खिलाफ नगर थाना कांड संख्या-875/18, दिनांक 14.12.2018 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 और आईटी एक्ट की धारा 66(C)/66(D) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

इस मामले में माननीय विशेष न्यायाधीश (निगरानी), उत्तर बिहार, मुजफ्फरपुर के न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घोटाले की गहराई और अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इस घोटाले में करोड़ों रुपये की सरकारी राशि की बंदरबांट का आरोप है, जिसमें सरकारी पदधारियों की संलिप्तता भी सामने आ चुकी है।

इस मामले को लेकर पहले से ही निगरानी विभाग और पुलिस जांच कर रही है। प्रशासन की इस कार्रवाई को भ्रष्टाचार के खिलाफ एक सख्त कदम माना जा रहा है, और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *