न्यूज़ टुडे ब्रेकिंग अपडेट : मोतिहारी में निगरानी विभाग की बड़ी कार्रवाई, कार्यपालक अभियंता 2 लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार

न्यूज़ टुडे ब्रेकिंग अपडेट :

 

आशीष राज, स्थानीय संपादक, न्यूज़ टुडे मीडिया समूह 

बिहार के मोतिहारी में निगरानी विभाग ने योजना एवं विकास विभाग के कार्यपालक अभियंता अजय कुमार को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई शहर के राजा बाजार स्थित अजय कुमार के आवास पर की गई।

[metaslider id=”14718″]

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ठेकेदार संतोष प्रसाद यादव ने 3 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट पर काम किया था, जिसके लिए पहली किस्त के रूप में 60 लाख रुपये का भुगतान होना था। इस भुगतान के एवज में कार्यपालक अभियंता अजय कुमार ने ठेकेदार से 3 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। ठेकेदार ने इसकी शिकायत निगरानी विभाग से की।

शिकायत के बाद विभाग ने मामले की जांच की और रिश्वत की मांग को सही पाया। इसके आधार पर निगरानी विभाग ने एक विशेष टीम गठित की और जाल बिछाया।

मंगलवार सुबह जब ठेकेदार संतोष प्रसाद यादव 2 लाख रुपये लेकर अजय कुमार के आवास पर पहुंचे, इसी दौरान घात लगाए बैठी निगरानी विभाग की टीम ने अजय कुमार पर दबिश दी। टीम ने अजय कुमार को रुपये गिनते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में निगरानी विभाग की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की सराहना हो रही है।

[metaslider id=”15292″]

यह है मामला

निगरानी विभाग के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) श्यामबाबू प्रसाद ने मीडिया से बातचीत में बताया, “ठेकेदार संतोष प्रसाद यादव ने शिकायत की थी कि 3 करोड़ के प्रोजेक्ट के एवज में पहली किस्त में 60 लाख रुपये का भुगतान किया जाना है। इसके लिए अजय कुमार ने 3 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।

शिकायत की जांच में रिश्वत की मांग सही पाई गई। इसके बाद मुख्यालय के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई। हमारी टीम ने सुनियोजित तरीके से कार्रवाई की और अजय कुमार को रंगेहाथ गिरफ्तार किया।”

बता दें कि निगरानी विभाग लगातार राज्य के विभिन्न जिलों में घूसखोरों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। विभाग की टीम सूचना सत्यापित करने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार करके सलाखों के पीछे पहुंचा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *