न्यूज़ टुडे ब्रेकिंग अपडेट : इसी महीने खत्म हो रहा जेपी नड्डा का कार्यकाल, 16 और 17 जनवरी को होगी राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक

न्यूज़ टुडे ब्रेकिंग अपडेट :

ई. युवराज, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, न्यूज़ टुडे मीडिया समूह :

★भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की दो दिवसीय बैठक नई दिल्ली में होगी। इस बैठक में पार्टी मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा के कार्यकाल विस्तार का समर्थन कर सकती है। दरअसल जेपी नड्डा का तीन साल का कार्यकाल इसी माह के अंत में समाप्त हो रहा है।★

भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की राष्ट्रीय राजधानी में दो दिवसीय बैठक होने वाली है। माना जा रहा है कि इस बैठक में पार्टी मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा के कार्यकाल विस्तार का समर्थन करेगी। ऐसे में दो दिवसीय बैठक कब होगी? इसकी जानकारी भी सामने आ चुकी है। बता दें कि दिल्ली में होने वाली भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक 16 और 17 जनवरी को होगी। जिसमें आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर पार्टी की रणनीतियों पर चर्चा होने की संभावना है।

पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, भाजपा आगामी राज्य विधानसभा चुनानों को लेकर अपनी रणनीति पर विचार करेगी। साथ ही साथ अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों की तैयारियों का भी जायजा लिया जाएगा।

खत्म होने वाला है नड्डा का कार्यकाल

पार्टी अध्यक्ष के रूप में जेपी नड्डा का तीन साल का कार्यकाल इस महीने के अंत में समाप्त होने वाला है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए जेपी नड्डा का कार्यकाल बढ़ाया जा सकता है।सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में हाल ही में संपन्न हुए विधानसभा चुनावों में पार्टी के प्रदर्शन और केंद्र में भाजपा की सरकार के कामकाज को लेकर भी चर्चा हो सकती है।

संगठनात्मक चुनाव हो सकते हैं स्थगित

बैठक में 2024 में होने वाले सभी विधानसभा चुनावों और लोकसभा चुनावों के मद्देनजर संगठनात्मक चुनावों को स्थगित करने पर भी चर्चा हो सकती है। सूत्रों के मुताबिक, लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद पार्टी में आंतरिक चुनाव की प्रक्रिया शुरू हो सकती है।

साल 2019 में हुए लोकसभा चुनाव के समय तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को भी पार्टी की तैयारियों के लिए कार्यकाल विस्तार मिला था। बता दें कि 2019 में लोकसभा चुनाव संपन्न होने के बाद भाजपा के संगठनात्मक चुनाव शुरू हुए थे और जेपी नड्डा निर्विरोध भाजपा अध्यक्ष चुने गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *