न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : पद संभालते ही एक्शन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, अब अधिकारी-कर्मचारी दो शिफ्ट में करेंगे काम

न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : नई दिल्ली :

मोदी सरकार के कैबिनेट फेरबदल के बाद अश्विनी वैष्णव को देश का नया रेल मंत्री नियुक्त किया गया है। देश के रेल मंत्री का कार्यभार संभालने के बाद अश्विनी वैष्णव ने मंत्रालय में काम करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के काम करने के समय में फेरबदल किया है। उन्होंने स्टाफ को दो शिफ्ट में काम करने का निर्देश दिया है। अब रेल मंत्रालय के अधिकारी और कर्मचारी सुबह 7 बजे से शाम 4 बजे और दोपहर 3 बजे से रात 12 बजे तक की होगी।

बता दें कि अश्विनी वैष्णव ओडिशा से राज्यसभा सांसद हैं। उन्हें रेल मंत्रालय के साथ इलेक्ट्रॉनिक्स और आईटी मंत्रालय का भी जिम्मा सौंपा गया है। इसके साथ ही संचार मंत्रालय का भी अतिरिक्त जिम्मा अश्विनी वैष्णव को दिया गया है। ये दोनों मंत्रालय रविशंकर प्रसाद के पास थे। रविशंकर प्रसाद 2019 से संचार मंत्री के साथ 2016 से आईटी मंत्री थे, उन्होंने दोनों ही मंत्रालय से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद अश्विनी वैष्णव को ये जिम्मेदारी दी गई है।

गौर करने वाली बात है कि अश्विनी वैष्णव 1994 बैच के पूर्व आईएएस अधिकारी थे, इस दौरान उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां संभाली। पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप को आगे बढ़ाने में अश्विनी वैष्णव की अहम भूमिका रही है। अश्विनी वैष्णव ने पेनसिल्वेनिया विश्वविद्यालय से एमबीए की पढ़ाई की है, जबकि आईआईटी कानपुर से एमटेक की डिग्री हासिल की है। वैष्णव ने दुनिया की बड़ी कंपनियों जनरल इलेक्ट्रिक और सीमेंस में भी काम किया है।

मोदी कैबिनेट में अहम जिम्मेदारी मिलने के बाद अश्विनी वैष्णव ने ट्वीट करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने ट्वीट करके लिखा पिछले 67 साल में रेलवे सेक्टर में जबरदस्त काम हुआ है, मैं यहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विजन को आगे ले जाने का काम करूंगा। मैं तहे दिल से प्रधानमंत्री का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं जिन्होंने मुझमे यह भरोसा जताया और अहम जिम्मेदारी सौंपी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *