न्यूज़ टुडे एक्सक्लूसिव : राजद के 25वां स्थापना दिवस पर बोले लालू- राबड़ी और तेजस्वी नहीं होते तो रांची में ही हमें खत्म कर दिया जाता, विरोधियों को कहा- मूस मोटइहें तो लोढ़ा होइहें, जल्‍दी आएंगे बिहार

न्यूज़ टुडे एक्सक्लूसिव :

डा. राजेश अस्थाना, एडिटर इन चीफ, न्यूज़ टुडे मीडिया समूह :

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने पटना में सोमवार को अपना 25वां स्थापना दिवस मनाया। कार्यक्रम का उद्घाटन राजद के अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने किया। इस मौके लालू ने कहा अगर तेजस्वी यादव और उनकी पत्नी राबड़ी देवी नहीं होतीं तो रांची में ही मैं खत्म हो जाता। दोनों के सहयोग से मुझे दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया। लालू ने कहा कि मैं जल्द ही पूरी तरह से ठीक हो जाऊंगा। राजद सुप्रीमो ने कहा कि हमारे साथ बिहार की जनता है। अल्पसंख्यक, दलित, पिछड़े, अति पिछड़े गरीब सभी राजद को पसंद करते हैं। लालू ने यह भी कहा कि बहुत जल्द ही पटना आना वाला हूं। राजधानी आते ही सभी जिलों में अपनी उपस्थिति भी दर्ज कराऊंगा।

मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री पर जमकर हमला

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव ने अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राज्य के सीएम नीतीश कुमार पर भी हमला किया। उन्होंने कहा कि सरकार देश के लिए अच्छी नहीं है। इतनी गरीबी और महंगाई हमारी सरकार में अगर इस तरह चीजों का दाम बढ़ता तो लोग जीना मुहाल कर देते। लालू ने कहा कि हम आगे देश का भी नेतृत्व करेंगे। लालू ने तेजस्वी यावद की तारीफ करते हुए कहा कि मुझे उम्मीद नहीं थी कि तेजस्वी बिहार में राजद को इतनी सीट दिला देंगे। कम उम्र में तेजस्वी ने बिहार जैसे राज्य में पार्टी की नैया पार लगाई। उन्होंने कहा कि राजद का भविष्य उज्ज्वल है। तेजस्वी पार्टी को आगे लेकर जाएंगे।

लालू यादव के भाषण का न्यूज़ टुडे हाईलाइट्स

02:43 बजे: कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव बोले: 

हम जल्दी ही पटना आएंगे। पूरे बिहार में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। मुझे खुशी है कि इतनी कम उम्र में तेजस्वी ने बिहार जैसे राज्य में पार्टी की नैया को पार लगाया। इतनी सीटें लाने की उम्मीद हमको पहले नहीं थी, लेकिन पार्टी के हर नेता ने स्वीकारा और सहयोग किया। तेज प्रताप के भाषण में भी दम है।

02:42 बजे: कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव बोले: 

राबड़ी और तेजस्वी नहीं होते तो हम रांची में ही खत्म हो जाते। दोनों प्लेन से दिल्ली ले गए। यहां डॉ. राकेश यादव ने काफी इलाज किया। अब बहुत ठीक हैं। जल्‍दी ही पूरा ठीक हो जाएंगे। सिर्फ पानी से परहेज है।

02:40 बजे: कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव बोले: 

हमने काम की गारंटी हमने दी। आरजेडी ने जब 10 लाख नौकरी देने का वादा किया तो कई ने कहा कि हम 19 लाख देंगे। उन्हें लगा कि कैसे लोगों को भरमाएं। अब दो नौकरी। सत्ता तुम्हारे हाथ में है।

02:38 बजे: कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव बोले: 

एक ही दल है जिससे लोग समस्याओं का निजात पाएंगे। बिहार में ऐसी कोई जगह नहीं जहां रोज खून नहीं होता है। विरोधियों को चेताते हुए कहा कि हमलोग बोलते थे देहात में कि मूस मोटइहें तो लोढ़ा होइहें।

02:35 बजे: कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव बोले: 

सैकड़ों साल से एक तवे पर एकतरफा रोटी जल रही थी। हमने पलट दिया। इससे लोगों ने कहा कि जंगलराज आ गया। लाखों लोग बकरी-भैंस भेड़ चराने वाले पेट की मार से चरवाही करते हैं। मैंने कहा कि चरवाही चलते रहेगी और पढ़ाई भी चलेगी। चरवाहा विद्यालय खोला। इसका मजा‍क बनाया।

02:34 बजे: कार्यक्रम में लालू प्रसाद यादव बोले: 

देश पीछे जा रहा है। सामाजिक तानाबाना खंडित किया जा रहा है। नारा लगाया जा रहा है कि अयोध्या के बाद मथुरा। इसका क्या मतलब है? वे सत्ता के लिए लोगों को तबाह करना चाहते हैं, लेकिन हम पीछे हटने वाले नहीं हैं। टूट जाएंगे पर पीछे नहीं हटेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *