न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : मान गए मंजीत, नहीं जाएंगे RJD में, गोपालगंज पहुंचकर मंत्री लेसी सिंह और जयकुमार सिंह ने मनाया, CM से मिलाने के लिए साथ लेकर पटना आए

न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : गोपालगंज- पटना/ बिहार :

गोपालगंज के बैकुण्ठपुर के पूर्व JDU विधायक मंजीत सिंह को मनाने के लिए बिहार सरकार की मंत्री लेसी सिंह उनके गोपालगंज आवास पर पहुंच गई। लेसी सिंह के साथ पूर्व मंत्री जयकुमार सिंह भी गए। दोनों ने मिलकर मंजीत सिंह से बात की और CM नीतीश कुमार से संबंधों की दुहाई दी। बुधवार को मंजीत सिंह ने तेजस्वी यादव से मुलाकात कर 3 जुलाई को राजद की सदस्यता ग्रहण करने का ऐलान कर दिया था। इसकी सूचना जैसे ही CM नीतीश कुमार को मिली, उन्होंने मंजीत सिंह को मनाने के लिए कल देर रात उनसे फोन कर बात की। CM ने मिलने के लिए पटना बुलाया, लेकिन मंजीत नहीं आए तो फिर CM ने खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री लेसी सिंह और पूर्व मंत्री जयकुमार सिंह को बरौली के देवापुर में मंजीत सिंह से मिलने के लिए भेज दिया।

मनाने में कामयाब रहीं लेसी सिंह

बताया जा रहा है कि लेसी सिंह इस दौरान मंजीत को पटना चलकर नीतीश कुमार से बात करने के लिए मनाने में कामयाब रहीं। खाद्य आपूर्ति मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि मंजीत सिंह का CM नीतीश कुमार से पिता-पुत्र जैसा सम्बन्ध है। वो पहले भी JDU में थे और आज भी वहीं हैं। मंत्री ने कहा कि उन्हें CM नीतीश कुमार ने मिलने के लिए पटना बुलाया है। लेसी के मुताबिक वो मंजीत को गोपालगंज से पटना लेकर जा रही हैं। पूर्व मंत्री जय कुमार सिंह ने भी कहा कि मंजीत सिंह अपने भाई हैं। पार्टी में कोई उनकी उपेक्षा नहीं हुई है, बल्कि वो गोपालगंज के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं।

वहीं मंजीत सिंह ने हाल ही में 3 जुलाई को लालू यादव की पार्टी RJD में शामिल होने का ऐलान कर दिया था। आपको बता दें कि 2020 बिहार विधानसभा चुनाव में बैकुंठपुर सीट BJP के पाले में चली गई थी। इसके बाद मंजीत निर्दलीय मैदान में उतर गए थे। वहां RJD उम्मीदवार ने NDA को हरा दिया था, क्योंकि अकेले मंजीत सिंह ने NDA खेमे के बड़े वोट को काट दिया था और BJP उम्मीदवार मिथिलेश तिवारी की करारी हार हुई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *