न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : RJD ने 26 मार्च को किया बिहार बंद का एलान, तेजस्वी बोले- JDU पुलिस हो गई है बिहार पुलिस

न्यूज़ टुडे टीम अपडेट : पटना/ बिहार :

बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने मंगलवार को विधानसभा परिसर में हुई घटना के विरोध में 26 मार्च को बिहार बंद का ऐलान किया है. पटना में तेजस्वी यादव ने एक बार फिर से बिहार के अधिकारियों को अप्रत्यक्ष रूप से चेतावनी दी है. सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए तेजस्वी ने जहां उनके शर्म और नैतिकता को बेच देने की बात कही तो लगे हाथों अधिकारियों को भी हड़काते हुए कहा कि अधिकारियों को यह समझना पड़ेगा कि सरकार कब पलटेगी कोई नहीं जानता है, इसलिए सबको यह देखना चाहिए.

तेजस्वी ने कहा कि हमारे ऊपर जानलेवा हमला हुआ है जिसका फुटेज भी मेरे पास उपलब्ध है. लोकतंत्र में सत्ता ऐसे नहीं चलती है. बिहार पुलिस जेडीयू पुलिस हो गई है. हम बीजेपी नहीं हैं जो डर जाएंगे. हमारा आंदोलन जारी रहेगा. तेजस्वी ने बिहार पुलिस के विशेष बल अधिनियम को वापस लेने की मांग की और कहा कि बंदूक की नोक पर पुलिस बिल पास कराया गया है और नीतीश जी उन्हें क्लीनचिट दे रहे हैं.

तेजस्वी ने कहा कि बिहार में ब्यूरोक्रेसी हावी है लेकिन नीतीश जी अब अंतिम पड़ाव पर हैं. मेरे पास इस घटना से जुड़े बहुत सारे फुटेज मौजूद हैं. तेजस्वी ने कहा कि आज बिहार में लोकतंत्र के मंदिर को तार-तार किया जा रहा है. कई सवाल मुख्यमंत्री जी पर भी उठ रहे हैं. बिहार में विधायकों को जूते मारे गए महिलाओं का चीरहरण हुआ है बावजूद इसके नीतीश कुमार ने कोई निंदा नहीं की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *